भिवानी। युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट ने नशा मुक्त संकल्प अभियान चलाया है। इसके तहत सोमवार को हनुमान ढाणी स्थित हनुमान जोहड़ी मंदिर के स्वामी विवेकानंद सभागार में संकल्प कार्यक्रम का आयोजन कर नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
हनुमान जोहड़ी मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में कथावाचक बेला पारीक भी पहुंचीं। समाजसेवी रमेश सैनी और पर्यावरण प्रहरी विजय सिंहमार ने लोगों को नशे के दुष्परिणाम बताए। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है। उसके परिवार और समाज के ताने-बाने को भी तोड़ देता है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सशक्त और जागरूक भारत की कल्पना को साकार करने के लिए हम सबको नशामुक्त समाज बनाना होगा। इस पुनीत कार्य में सभी लोग अपना योगदान दें। इसलिए वहां मौजूद सभी लोगों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त भारत-सशक्त भारत के नारे के साथ हुआ। इस अवसर पर विजय शर्मा, संजय शर्मा, डॉ. सुखविंद्र दुहन, हरेंद्र पुनिया, सुरेंद्र सिवाड़ा, दिनेश दाधीच, राजेंद्र, रमेश पचेरवाल, रमेश टांक आदि मौजूद रहे।