भिवानी। प्रशासन की ओर से शहर में बेसहारा व मुसाफिरों के लिए रैन बसेरे बनाए गए हैं। रैन बसेरे लोगों के लिए निशुल्क बनाए गए हैं। लेकिन बेसहारा लोग फिर भी रैन बसेरों के बजाय जमीन पर सो रहे हैं।
ठंड के मौसम में अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री तक पहुंच चुका है। बेसहारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए प्रशासन द्वारा नगर परिषद कार्यालय व बस स्टैंड पर रैन बसेरे बनाए गए हैं। लेकिन लोग इन रैन बसेरों का फायदा उठाने के बजाय सर्दी के मौसम में भी जमीन पर सो रहे हैं।
मंगलवार रात शहर के रेलवे स्टेशन पर प्रतीक्षालय के बाहर जमीन पर स्टेशन के मुख्य द्वार पर लोग खुले आसमान के नीचे ठंड में ठिठुरते नजर आए। इनमें छोटे-छोटे मासूम बच्चे भी शामिल थे। उनके पास सर्दी से बचने का एक मात्र सहारा सिर्फ चदरें थीं। उनमें से भी ठंड नहीं रुक रही थी। क्योंकि वे सभी फटी हुई थी।
नगर परिषद की तरफ से रैन बसेरे की व्यवस्था कराई जा चुकी है। फिलहाल नगर परिषद के हाल में रैन बसेरा चल रहा है। इसी तरह बस स्टैंड पर भी वेटिंग कक्ष को रैन बसेरे के तौर पर प्रयोग किया जा रहा है। इनके अंदर जरूरी व्यवस्थाएं कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। - भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।