भिवानी। पार्क से सैर कर पैदल घर जा रहे एक युवक के साथ बीच रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने सोने की अंगूठी छीनने की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में अल्पना होटल के पीछे आजाद मोहल्ला निवासी केदारनाथ ने बताया कि गत आठ मार्च की सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह पार्क से सैर कर पैदल ही अपने घर वापस आ रहा था। जब वह घंटाघर एक गारमेंटस की दुकान के पास पहुंचा तो बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे कुछ सुंघा दिया और इसके बाद उसके हाथ से सोने की अंगूठी निकालकर भाग गए। उसे जब होश आया तो बदमाश वहां से जा चुके थे। उसने इसकी शिकायत शहर थाना पुलिस में दी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस अब घंटाघर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल बदमाशों को पकड़ने में जुटी है।