शहर के रेलवे स्टेशन पर छाई हल्की धुंध। संवाद
- फोटो : 1
भिवानी। जिले में न्यूनतम पारा में गिरावट आने से सुबह-शाम ठिठुरन भरी ठंड बढ़ने लगी है। शुक्रवार को भी शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाजारों में मूंगफली और हल्के गर्म कपड़ों की मांग शुरू हो चुकी है।
दो दिन पहले जिले के कुछ क्षेत्रों में आई हल्की बारिश के बाद मौसम ने करवट ली है और लोगों को ठंड का अहसास होना शुरू हो गया है। शहर का एक्यूआई भी 234 दर्ज किया गया। मौसम का बदलाव लोगों के स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर रहा है। शहर के निजी व सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है।
पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के ओपीडी विभाग में गले में दर्द, बुखार, खांसी व जुकाम के मरीज आ रहे हैं। चिकित्सक भी मरीजों को ऐसे मौसम में विशेष देखभाल करने की सलाह दे रहे हैं। विशेष रूप से बुजुर्गों और बच्चों के लिए चिकित्सकों की तरफ से सुबह-शाम ठंडी हवा में बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है। वहीं, सांस के मरीजों को भी ठंडी खाद्य सामग्री के सेवन करने से परहेज करने की सलाह है।