भिवानी में मृतक मामले में कार्रवाई करते पुलिसकर्मी।
भिवानी। वर्कशॉप में कंप्रेशर मशीन का पाइप फटने की वजह से हुए हादसे में घायल मिस्त्री ने करीब 22 दिन बाद दम तोड़ दिया। चरखी दादरी सदर पुलिस ने शव का मंगलवार को जिला नागरिक अस्पताल भिवानी में पोस्टमार्टम कराया।
मूल रूप से बिहार का रहने वाला मनीशंकर (35) चरखी दादरी क्षेत्र के गांव मानकावास के पहाड़ के समीप बनी वर्कशॉप में मिस्त्री का काम करता था। पिछले तीन साल से वह यहां काम करता आ रहा था। चार अप्रैल को वर्कशॉप में काम करने के दौरान कंप्रेशर मशीन की पाइप में अचानक धमाका हो गया। bसकी वजह से मनीशंकर के पैर में गंभीर चोटें आई थीं।
उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां 24 अप्रैल को उसकी हालत में सुधार के बाद परिजन उसे घर ले गए थे। सोमवार रात को अचानक ही मनीशंकर की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल भिवानी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद मृत घोषित कर दिया।
चरखी दादरी सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी एसआई राजकुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है वहीं इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।