तेज धूप से बचने के लिए भिवानी में चेहरे पर चुन्नी बांधकर अपने गंतव्य की ओर जातीं महिलाएं।
भिवानी। शहर में उमस भरी गर्मी का असर अब सीधा बाजारों पर नजर आने लगा है। बढ़ती गर्मी और अघोषित बिजली कटौती के कारण दोपहर के समय सड़कों और दुकानों में सन्नाटा छा जाता है। दिनभर बाजारों में ग्राहक न के बराबर दिखते हैं, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सुबह 10 बजे के बाद ही ग्राहकों की संख्या घटने लगती है और दोपहर तक अधिकांश दुकानों पर एक-दो ग्राहक ही नजर आते हैं। शाम को हल्की चहल-पहल होती है, लेकिन वह भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रहती है।
गर्मी का सबसे ज्यादा असर कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, जूते-चप्पल और अन्य गैर-जरूरी सामानों की दुकानों पर पड़ा है। दुकानदार चिराग अरोड़ा, रमेश और वीरपाल ने बताया कि उमस और गर्मी के चलते लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, जिससे बिक्री बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
बिजली की खपत बढ़ने से अघोषित कटौती आम हो गई है। दुकानों में कूलर और एसी भी काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे ग्राहक बैठने में भी असहज महसूस करते हैं। दुकानदारों ने जल्द हालात सुधरने की उम्मीद जताई है।