जिला नागरिक अस्पताल में नवनियुक्त पीएमओ डॉ. बलवान को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित करती नर्सिंग
भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल में पिछले पांच सालों से बंद पड़ा ईएनटी चिकित्सक का कमरा आखिरकार शुक्रवार को खुल गया। इसी के साथ जिला नागरिक अस्पताल को भी स्थायी प्रधान चिकित्सा अधिकारी मिल गया है। पिछले कुछ अर्से से डॉ दशरथ राव को कार्यवाहक प्रधान चिकित्सा अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था, लेकिन अब डॉ. बलवान को स्थायी तौर पर भिवानी में प्रधान चिकित्सा अधिकारी नियुक्त कर दिया है।
शुक्रवार को उन्होंने अपना कार्यभार संभाला। दरअसल डॉ. बलवान ईएनटी विशेषज्ञ भी हैं। वे भिवानी में प्रधान चिकित्सा अधिकारी का कार्यभार देखने के साथ-साथ ओपीडी में रोजाना ईएनटी के मरीजों की भी जांच करेंगे। इसी को लेकर उन्होंने लंबे अर्से से ईएनटी चिकित्सक के बंद पड़े कमरे के ताले को खुलवाकर वहां जरूरी व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए। इसी को लेकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी ईएनटी चिकित्सक के कमरे में एसी व अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कराने में जुटे रहे।
नए प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलवान का स्टाफ नर्सिंग एसोसिएशन पदाधिकारियों ने भी स्वागत किया। डॉ. बलवान ने बताया कि वे भिवानी में प्रधान चिकित्सा अधिकारी रहते हुए नियमित रूप से ईएनटी के मरीजों की ओपीडी में भी जांच करेंगे। लंबे अर्से से यहां ईएनटी का विशेषज्ञ नहीं था। ऐसे में मरीजों को हिसार या फिर रोहतक तक की दौड़ लगानी पड़ती थी। लेकिन अब यहां ईएनटी की सुविधा भी मरीजों को नियमित रूप से मिलेगी। वहीं प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ बलवान ने स्टाफ सदस्यों से भी बैठक कर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने स्टाफ सदस्यों से कहा कि वे अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराएं और व्यवस्था बनाए रखने में भी अपना योगदान दें।