भिवानी। शहर में दिनोद रोड पर बन रहे शहर के सबसे छोटे रेलवे ओवरब्रिज पर कृष्णा कॉलोनी छोर पर व्हीकल अंडरपास निर्माण काम शुरू हो गया है। जबकि दिनोद रोड जीतुवाला फाटक की तरफ सीवर की लाइन शिफ्ट नहीं होने पर काम बंद पड़ा है। दरअसल, व्हीकल अंडरपास बनने के बाद करीब आठ हजार लोगों की आबादी को इसका फायदा मिलेगा।
दिनोद रोड के जीतुवाला रेलवे फाटक संख्या 52-सी पर शहर का सबसे छोटा 600 मीटर लंबा रेलवे ओवरब्रिज का काम चल रहा है। इस पुल की घोषणा 2015 में सीएम ने की थी, लेकिन उस समय यहां अंडरपास बनाया जाना था, लेकिन अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद यहां अंडरपास की संभावनाओं को नकार दिया था। इसके बाद जीतुवाला महापंचायत ने भी काफी दिनों तक यहां आंदोलन किया तो रेलवे अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक कर 2018 में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का खाका तैयार कर काम शुरू कराया। करीब साढ़े 15 लाख की लागत से इस पुल का काम करीब साढ़े तीन साल से चल रहा है।
अब रेलवे ओवरब्रिज का करीब 80 फीसदी ढांचा तैयार हो चुका है। कृष्णा कॉलोनी छोर पर भी व्हीकल अंडरपास निर्माण चल रहा है, जबकि जल्द ही यहां रिटेनिंग वाल और मिट्टी भराई का काम भी चालू हो जाएगा। मगर जीतुवाला फाटक पार का काम सीवर लाइन शिफ्ट नहीं होने से बंद पड़ा है। वहीं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने अभी हाल ही में लाइन शिफ्ट के टेंडर लगाए हैं, इनके खुलने के बाद ही इन पर वर्क ऑर्डर होगा।
दिनोद रोड रेलवे ओवरब्रिज में कृष्णा कॉलोनी चौक के समीप व्हीकल अंडर पास निर्माण का काम शुरू हो चुका है। करीब 15 दिनों में व्हीकल अंडरपास निर्माण का काम पूरा हो जाएगा। जिसके बाद यहां रिटेनिंग वाल और मिट्टी भराई का काम शुरू कराएंगे। जबकि जीतुवाला फाटक पार पर अभी सीवर की लाइनों को शिफ्ट नहीं किया गया है,जिसकी वजह से उस छोर पर अभी काम बंद है।
- सोनू हुड्डा, कनिष्ठ अभियंता, पीडब्ल्यूडी।