ढिगावामंडी (भिवानी)। सीबीआई के खुलासे के बाद भी मनीषा मौत मामले की गुत्थी उलझी हुई है। मनीषा के पिता संजय ने कहा कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए अब न्यायालय में कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी। 27 अगस्त को सीबीआई की विशेष अदालत में होने वाली पैरवी के दौरान वह अपनी ओर से वकील करेंगे।
वहीं मामले की जांच कर रही सीबीआई की टीम की ओर से भी मौत मामले से जुड़े कुछ तथ्य अदालत के समक्ष रखे जाने हैं। मनीषा के पिता संजय ने बताया कि कमेटी और बैरागी समाज 27 अगस्त के बाद बैठक की तारीख तय करेगा। बैठक के बाद ही अगला निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले कुछ भी कहना उचित नहीं है।
संजय ने कहा कि पूरा देश जानता है कि यदि यह आत्महत्या होती तो पुलिस ने इसे करीब एक सप्ताह में ही बता दिया होता। फिर इतने लंबे समय तक सीबीआई की रिपोर्ट का इंतजार करने की जरूरत ही क्या थी। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने किन-किन बिंदुओं पर काम किया और किन बिंदुओं से दूर रही जब तक यह स्पष्ट नहीं हो जाता तब तक कुछ भी कहना सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि वह अंतिम सांस तक अपनी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ेंगे। समाज और आपसी भाईचारा बैठकर 27 अगस्त के बाद इस संबंध में निर्णय लेगा और जो निर्णय होगा वह सर्वमान्य होगा।