भिवानी। हरियाणा मुक्त विद्यालय की सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी परीक्षा मार्च के लिए फ्रेश श्रेणी के परीक्षार्थी अब 6 दिसंबर तक 300 रुपये विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले बिना विलंब शुल्क आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर निर्धारित की गई थी जिसे अब बढ़ा दिया गया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं कर पाने वाले इच्छुक परीक्षार्थियों को यह अतिरिक्त अवसर दिया गया है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध हैं। परीक्षार्थी वेबसाइट पर दिए गए संबंधित लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड अधिकारियों ने परीक्षार्थियों को आवेदन करते समय व्यक्तिगत विवरण, शैक्षणिक जानकारी और अन्य आवश्यक जानकारियां सावधानीपूर्वक भरने की सलाह दी है। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद दर्ज विवरणों की पुष्टि भी अवश्य कर लें। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। उन्होंने पात्र परीक्षार्थियों से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पूरा कर लें, ताकि आखिरी समय में तकनीकी या अन्य किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।