भिवानी। नए मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में जमीन पर पसरे मरीजों को आखिरकार स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लेते हुए बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था कराई। दरअसल अमर उजाला ने नए मेडिकल कॉलेज में ओपीडी की शुरुआत के पहले दिन ही खामियों को उजागर किया था। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों के कक्ष के आगे मरीजों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था कराई है।
बतां दें कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल तरीके से भिवानी के नए मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ करेंगे। इससे पहले ही पुराने अस्पताल से चिकित्सकों की ओपीडी को नए मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट किया गया है। ओपीडी में चिकित्सकों के कक्ष के बाहर कुर्सियां नहीं होने की वजह से मरीज फर्श पर बैठकर ही अपने नंबर का इंतजार करते दिखाई दिए।
अमर उजाला के 12 अप्रैल के अंक में मेडिकल कॉलेज में ओपीडी कक्ष के बाहर जमीन पर बैठ कर मरीजों ने किया बारी आने का इंतजार शीर्षक के साथ समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग प्रशासन ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया। नए कॉलेज परिसर में अन्य जगह कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों के कक्ष के बाहर कोई कुर्सी नहीं थी। मरीज भी चिकित्सक कक्ष के बाहर ही अपने नंबर के लिए दिनभर जुटे रहते हैं।
घंटों तक इंतजार करने के लिए मरीज फर्श पर ही पसर गए। लेकिन शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी मेें चिकित्सकों के कक्षों के बाहर भी कुर्सियां रखवा दी। जिस पर दिनभर मरीज सुकून से बैठकर अपना नंबर आने का इंतजार करते दिखाई दिए।