शहर की राजकीय आईटीआई का मुख्य द्वार।
भिवानी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब 3 जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। शहर की राजकीय आईटीआई में दाखिले के लिए इस बार 6817 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है, जबकि सीटें सीमित होने के कारण दाखिलों को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा की स्थिति बन गई है। जिले में कुल 10 राजकीय आईटीआई हैं, जिनमें विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
दाखिला शेड्यूल के अनुसार पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को 8 जुलाई तक दस्तावेजों की जांच करवा कर फीस जमा करनी होगी। 9 जुलाई को खाली बची सीटों का विवरण जारी किया जाएगा और 9 व 10 जुलाई को आवेदक अपने फॉर्म में आवश्यक बदलाव कर सकेंगे। इसके बाद 11 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसमें चयनित विद्यार्थी 15 जुलाई तक फीस जमा कर दाखिला पक्का कर सकते हैं।
16 जुलाई को एक बार फिर खाली सीटों की जानकारी दी जाएगी और 19 जुलाई तक आवेदकों को अपने आवेदन में संशोधन का अंतिम मौका मिलेगा। तीसरी और अंतिम मेरिट सूची 22 जुलाई को जारी की जाएगी। इस बार भिवानी की राजकीय आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन ट्रेड सबसे लोकप्रिय रहा, जिसमें 1607 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि वुड वर्क टेक्नीशियन ट्रेड में केवल 7 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
आईटीआई में दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। अब वीरवार 3 जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। पहली सूची में नाम आने वाले विद्यार्थी 8 जुलाई तक फीस भरकर अपना दाखिला सुनिश्चित करें। - वेद प्रकाश, दाखिला नोडल अधिकारी, राजकीय आईटीआई, भिवानी