भिवानी। गांव तिगड़ाना के एक बंद मकान के ताले चटकाकर चोर हजारों रुपयों की नकदी ले गए। चोरी की वारदात की सूचना पड़ोस में चचेरे भाई ने फोन पर मकान मालिक को दी। जिसके बाद सदर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना कर इस संबंध में चोरी का केस दर्ज किया है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में गांव तिगड़ाना निवासी संदीप ने बताया कि उसके घर के पास उसके चचेरे भाई अजय का घर है। उसका भाई अजय अपने परिवार के साथ 20 अक्तूबर को पूजा के लिए उज्जैन गया हुआ था। 22 अक्तूबर की सुबह सात बजे देखा कि अजय के मकान के घर के ताले टूटे पड़े हैं। इस पर अजय को इस संबंध में फोन पर सूचना दी। अजय ने बताया कि घर के अंदर 40 हजार रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान रखा था। जो अब गायब है। वहीं पड़ोस में ही सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। पुलिस ने इस संबंध में चोरी का केस दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की।