खराब मौसम के दौरान पिलर बॉक्स में बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की भी काफी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई उपभोक्ताओं के मीटर भी नष्ट हुए हैं। बावजूद इसके इन क्षतिग्रस्त व खस्ताहाल पिलर बॉक्स को अपने ही हाल पर छोड़ा हुआ है।
भिवानी शहर में साढ़े तीन हजार पिलर बॉक्स लगाए गए हैं। इनमें करीब 70 हजार शहरी बिजली उपभोक्ताओं के मीटर लगे हैं। इसके अलावा बिजली पोल पर प्लास्टिक के छोटे पिलर बॉक्स लगे हैं, जिनकी स्थिति भी अब खराब है। निगम ने लोहे के पिलर बॉक्स करीब 13 साल पहले लगाए थे। एक पिलर बॉक्स में 20 से 25 उपभोक्ताओं के मीटर लगे हैं।
क्षतिग्रस्त पिलर बॉक्स के अंदर बिजली मीटरों पर भी खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। क्योंकि न उनकी बारिश में कोई सुरक्षा है न आग से बचाव के कोई प्रबंध। ऐसे में बिजली लाइनों व मीटर के अंदर ढीली तारों से स्पार्किंग की वजह से भी आग लगने की काफी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बारिश में तो पिलर बॉक्स के अंदर करंट दौड़ने लगता है। इससे किसी भी अनहोनी की आशंका भी बनी रहती है।
इन जगहों पर है पिलर बॉक्स खस्ताहाल
शहर के सरकुलर रोड, कृष्णा कॉलोनी फीडर, जीतुवाला जोहड़ क्षेत्र, ढाणा रोड, दादरी गेट क्षेत्र, जैन चौक क्षेत्र, पतराम गेट क्षेत्र के अलावा शहर के बाजारों में लगे पिलर बॉक्स भी खस्ताहाल में हैं। इन पिलर बॉक्स की कोई रिपेयरिंग भी नहीं हुई है। क्योंकि पिलर बॉक्स रिपेयरिंग का निगम में कोई प्रावधान नहीं है। कई पिलर बॉक्स के तो दरवाजे ही टूटे हुए हैं। नियम के अनुसार पिलर बॉक्स पर ताला लगाना अनिवार्य है और इसकी चॉबी भी फीडर इंचार्ज के पास होनी चाहिए, मगर शहर में किसी भी पिलर बॉक्स पर अब लॉक नहीं है। सभी पिलर बॉक्स खुले और अपने ही हाल पर हैं।
निगम के स्टोर में पहुंचे नए पिलर बॉक्स
बिजली निगम के स्टोर में नए पिलर बॉक्स की खेप आ चुकी है। जिन्हें पुराने व खस्ताहाल पिलर बॉक्स को बदलने के दौरान इस्तेमाल किया जाना है। पिलर बॉक्स की डिमांड फीडर इंचार्ज करेंगे। जिन्हें स्टोर से उसी फीडर इंचार्ज के नाम से इश्यू किया जाएगा। शहर भर में करीब 800 से अधिक पिलर बॉक्स बदलने लायक हो गए हैं।
शहर के अंदर खस्ताहाल पिलर बॉक्स को बदला जाएगा। इसके लिए निगम के भिवानी स्टोर में नए पिलर बॉक्स उपलब्ध हैं। जिन फीडरों पर पिलर बॉक्स किसी हादसे या फिर पुराने होने की वजह से खस्ताहाल हैं, उन्हें बदलने की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाएगी। दिवाली पर फीडर मेंटनेंस के दौरान भी फीडर इंचार्ज खस्ताहाल पिलर बॉक्स बदली करा सकते हैं।
-रणबीर सिंह, महाप्रबंधक, भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, भिवानी।