सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा को मांगपत्र सौंपते ठठेरा समाज के लोग।
भिवानी। ठठेरा समाज की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर हैहयवंशी क्षत्रिय समाज धर्मशाला हरिद्वार के अध्यक्ष बदरी नारायण के नेतृत्व में समाज के लोग सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा से मिले तथा मांगपत्र सौंपा। अध्यक्ष बदरी नारायण ने बताया कि हैहयवंशी क्षत्रिय धर्मशाला एवं अन्न क्षेत्र न्यास के नाम से हरिद्वार में मस्तराम गली में एक धर्मशाला है, जिसमें न तो कोई परिवहन साधन जा सकता है और इसीलिए न ही कोई यात्री आ सकता है। ऐसे में मांग करते है न्यास को एक और भूखंड उपलब्ध करवाया जाए, ताकि पुराने भवन को विक्रय करके नए धर्मशाला भवन का निर्माण कर लोगों की सेवा की जा सके। प्रतिनिधिमंडल की समाज की अन्य समस्याओं को लेकर भी राज्य मंत्री से वार्ता हुई। समस्याएं सुनने के बाद राज्य मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे ठठेरा समाज की समस्याओं का जल्द समाधान करवाएंगे। इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार बबल शामली, कैलाश चंद्र, राजीव वर्मा हापुड़, रमेश कुमार रेवाड़ी, विजय आनंद दिल्ली, विरेंद्र कुमार भिवानी भी साथ रहे।