भिवानी। उपायुक्त महावीर कौशिक ने बुधवार सुबह मार्केट कमेटी, शहरी स्थानीय निकाय और यातायात पुलिस के साथ रोहतक गेट स्थित सब्जी मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और सब्जी मंडी के प्रतिनिधियों से मंडी के आसपास अतिक्रमण और वाहनों से जाम की स्थिति पर विस्तार से बात की। उन्हाेंने अधिकारियों से मंडी में नियमित सफाई और जाम से निजात के लिए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि सब्जी मंडी के आसपास अव्यवस्थाओं का मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। उच्च न्यायालय ने जिला प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर जाकर वास्तु स्थिति जानने के निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद बुधवार को डीसी कौशिक सब्जी मंडी परिसर पहुंचे।
विकास नगर रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और सब्जी मंडी प्रतिनिधियों ने रखा पक्ष
विकास नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विकास नगर के साथ लगते रोड पर अतिक्रमण और वाहनों से जाम के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा मंडी के आसपास क्षेत्र में सड़कों पर कचरा फैलने से बदबू उठती है। इससे लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। दूसरी ओर सब्जी मंडी प्रतिनिधियों ने उपायुक्त के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वे जिला प्रशासन के साथ हैं व मंडी में सही व्यवस्था बनाने में हर संभव सहयोग करने को तैयार हैं। उपायुक्त ने मार्केट कमेटी और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को मंडी परिसर में नियमित रूप से सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए। यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि वाहनों से जाम की स्थिति न बनने पाए।
-
शहर की सुंदरता हो रही खराब
सब्जी मंडी के निरीक्षण के दौरान डीसी ने कहा कि रोहतक मार्ग राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ से आने वाला शहर का मुख्य मार्ग है। यहां के निवासियों को इस बात के प्रति गंभीर होना चाहिए कि मंडी व आसपास परिसर में गंदगी न फैलाएं, ताकि शहर की सुंदरता न बिगड़े। उन्होंने कहा कि अपने घर व आसपास क्षेत्र में सफाई रखना स्वयं के ही हाथ में होता है।