हिसार। युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा की ओर से जिला युवा महोत्सव-2025 के पंजीकरण व आयोजन की तिथियों में बदलाव किया गया है। अब मुख्य आयोजन 3 व 4 नवंबर को किया जाएगा। इसके लिए प्रतिभागी 2 नवंबर तक अपने पंजीकरण करवा सकते है।
इस महोत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को माई भारत पोर्टल पर 2 नवंबर तक पंजीकरण करने बाद रजिस्ट्रेशन फार्म की हार्ड कॉपी के साथ दसवीं मार्कशीट, आधार कार्ड, फैमिली आईडी और बैंक डिटेल की कॉपी लगाना अनिवार्य होगा। अन्य जिलों के विद्यार्थी जो हिसार में अध्ययनरत हैं, वे अपने संस्थान का आईडी कार्ड साथ में संलग्न करके संबंधित खंड की आईटीआई में जमा करवा सकते हैं। संस्थान की प्रधानाचार्या प्रेम किरण ने बताया कि महोत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है।
जिला युवा महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी, जिसमें समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, कहानी लेखन, भाषण प्रतियोगिता, कविता लेखन, लोक वाद्य यंत्र एकल तथा समूह प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं राज्य की लोक कला एवं लोक नृत्य की प्रस्तुतियों के साथ विज्ञान मेला का भी आयोजन किया जाएगा।
प्रधानाचार्या प्रेम किरण ने बताया कि एक प्रतिभागी केवल एक ही प्रतियोगिता में भाग ले सकता है। जिला स्तरीय युवा महोत्सव में ग्रुप प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 31 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त वाली टीम को 21 हजार व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसी प्रकार एकल प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 3100, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2100 व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 1100 रुपए इनाम स्वरूप दिए जाएंगे।