भिवानी में विधायक कार्यालय पर धरना देते गोरक्षा दल के सदस्य।
भिवानी। नगर परिषद के कर्मचारियों की ओर से घायल जीव-जंतुओं को उठाने से इन्कार किए जाने के विरोध में विधायक के कार्यालय में गोरक्षा दल का धरना व क्रमिक अनशन मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान गोरक्षा दल सदस्यों ने नगर परिषद की अपनी ड्यूटी के प्रति लापरवाह कार्यशैली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
गोरक्षा दल के सदस्यों से बातचीत करने विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री वरुण बजरंगी व प्रांत सह सत्संग प्रमुख कमल अग्रवाल नप कर्मचारियों सहित धरना स्थल पर पहुंचे और काफी देर तक गोरक्षा दल के सदस्यों को धरना समाप्त करने की बात कही, लेकिन सहमति नहीं बन पाई।
मंगलवार को क्रमिक अनशन पर ऋषि सोलंकी, मनजीत लांबा, मोदी, मोहन, कृष्ण नंदन, बिन्टू रहे। गोरक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार ने बताया कि शहर में घायल व बीमार गाय व अन्य जानवरों की सेवा का कार्य नगर परिषद का है, लेकिन गोरक्षा दल के सदस्य उसे एक सेवा के रूप में करते हैं। लेकिन इसके बावजूद भी गोरक्षा दल भिवानी को सुविधाएं मुहैया करवाना तो दूर जो सुविधाएं उनके पास है, वह भी छीनी जा रही है। इस मौके पर दिग्विजय, कुकी परमार, सचिन, गोलू शर्मा, अभी ठाकुर, केशव, नवीन, शंकर धनाना, प्रदीप मौजूद रहे।