भिवानी। शहर में नगर परिषद द्वारा आमजन की सुविधा के लिए रखवाए गए रेडीमेड टॉयलेट अब खस्ताहाल हो चुके हैं। इनका समय से रखरखाव न होने के कारण लोग इन्हें प्रयोग भी नहीं कर पा रहे हैं। जिसके चलते नागरिकों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल नगर परिषद ने सफाई व्यवस्था बनाए रखने और शहर को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए मुख्य जगहों पर रेडीमेड टॉयलेट रखवाए थे। इनमें सेक्टर मोड़, भगतसिंह चौक, लघु सचिवालय, हुडा पार्क, दादरी गेट, किरोड़ीमल पार्क सहित शहर के अन्य हिस्से शामिल हैं। लेकिन रखरखाव न होने के कारण कई टॉयलेटों के दरवाजे टूट चुके हैं, टोंटी और पानी की टंकी गायब है।
शहर के इन हिस्सों में रखे हैं रेडीमेड टॉयलेट
सर्कुलर रोड पर अग्रसेन चौक, बावड़ी गेट, दादरी गेट, हनुमान गेट, हालुवास गेट के अलावा सराय चौपटा चौक, सेंट्रल पार्क के समीप और लघु सचिवालय के सामने टॉयलेट रखे गए हैं। शहर की अलग-अलग कॉलोनियों में भी रेडीमेड टॉयलेट हैं लेकिन इनके रखरखाव में प्रशासन की ढिलाई दिख रही है।
शहरवासियों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा रखवाए गए टॉयलेट अब खस्ताहाल हो चुके हैं। टूटे दरवाजे और पानी की कमी के कारण लोग इन्हें इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। प्रशासन से जल्द सुधार की मांग की जा रही है। -परमल, शहरवासी
शौचालयों में पानी की टंकी गायब होने के कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने नगर परिषद से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द इन टॉयलेटों की सुध ली जाए। -जयनारायण, शहरवासी
नगर परिषद के चेयरपर्सन ने कहा कि शहर में रखे गए रेडीमेड टॉयलेट की साफ-सफाई संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है। सभी शौचालयों में व्यवस्था बनाने के लिए सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं। मैंने खुद निरीक्षण कर टॉयलेटों की स्थिति देखी है। जो भी कमियां हैं, उन्हें जल्द ही दूर कराया जाएगा। -भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि नगर परिषद भिवानी