भिवानी। आठ साल से जाम सीवर की समस्या झेल रहे भिवानी शहरवासियों को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। करीब दो करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने मुख्य सीवर लाइन की सफाई कराई है। सफाई का लगभग 50 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
इसके बाद बावड़ीगेट से देवसर चुंगी तक डिस्पोजल में अब बिना रुकावट दूषित पानी की निकासी होने लगी है। इससे इस क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से लोगों को निजात मिलेगी। विभाग को पिछले आठ सालों तक सीवर जाम की वजह से अस्थायी पंप चलाने में लाखों रुपये खर्च करने पड़े। अब इन पंपों को हटा दिया गया है। अग्रसेन चौक से लेकर बावड़ीगेट, दादरी गेट, फूलादेवी चौक, हनुमान गेट और हालुवास गेट तक की सीवर लाइन की सफाई पूरी हो चुकी है। यहां अब कहीं भी सीवर निकासी में बाधा नहीं है।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने मानसून से पहले ही सरकुलर रोड की मुख्य सीवर लाइन की सफाई शुरू की थी लेकिन बारिश के दौरान काम रुक गया। सफाई के दौरान लाइन से अत्यधिक मात्रा में शिल्ट (मिट्टी) निकली। हालत यह थी कि सरकुलर रोड की 20 फीसदी लाइन ही चालू थी जबकि 80 फीसदी लाइन बंद पड़ी थी। इसी वजह से आधे शहर का दूषित पानी डिस्पोजल तक नहीं पहुंच पा रहा था और जगह-जगह मुख्य होल ओवरफ्लो हो रहे थे। अब अग्रसेन चौक से देवसर चुंगी तक की सीवर लाइन पूरी तरह से दुरुस्त हो चुकी है।
यहां सीवर लाइन का काम बाकी
शहर के सरकुलर रोड दिनोद गेट, घंटाघर, पुराना बस स्टैंड और महम गेट क्षेत्र में सीवर लाइन की सफाई अभी बाकी है। इस हिस्से में दो स्थानों पर मुख्य लाइन के ऊपर सड़क धंस चुकी है। इनमें वैश्य मॉडल स्कूल पेट्रोल पंप के सामने की सड़क और घंटाघर स्थित जिला नागरिक अस्पताल की दीवार से सटी सड़क शामिल है। हाल ही में पीडब्ल्यूडी ने यहां मलबा डलवाया था लेकिन दोबारा सड़क धंसने से खतरनाक गड्ढे बन गए हैं। सीवर सफाई के दौरान इन जगहों की मुख्य लाइन की लीकेज भी जांची जाएगी।
24 घंटे चलाने पड़ते थे अस्थायी पंप
विभाग ने मुख्य सीवर लाइन पर लगाए गए अस्थायी पंप अब हटा दिए हैं। ये पंप बावड़ीगेट, हनुमान गेट और दादरी गेट पर आठ साल पहले लगाए गए थे। इनके जरिए एक मैनहोल का दूषित पानी पंपिंग कर दूसरे मैनहोल में डाला जाता था। इन्हें 24 घंटे चलाना पड़ता था जिससे विभाग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था। अब लाइनें साफ होने के बाद इनकी जरूरत खत्म हो गई है।
गहरी सीवर लाइन में उतर कर जांच कर रहे कर्मचारी
मुख्य सीवर लाइन की सफाई का टेंडर निजी कंपनी को दिया गया है। कंपनी के सफाई कर्मचारी सुरक्षा मानकों के साथ गहरी सीवर लाइन में उतरकर लीकेज और रुकावट की जांच कर रहे हैं। सुपर शकर मशीनों से लाइनों की सफाई भी कराई जा रही है। फिलहाल घंटाघर से रेलवे रोड तक सीवर लाइन की सफाई का काम जारी है।
भिवानी शहर की मुख्य सीवर लाइन की सफाई का टेंडर कराया जा चुका है। जिस पर करीब 50 फीसदी काम पूरा हो चुका है। आने वाले 25 दिनों में पूरे शहर की सीवर लाइन की सफाई का काम पूरा कर लिया जाएगा। इस बार मानसून में शहर के अंदर कहीं भी आधे घंटे से ज्यादा बरसाती पानी नहीं ठहरने दिया गया। दूषित पानी मुख्य सीवर लाइन से डिस्पोजल तक पहुंच रहा है। जहां-जहां अस्थायी पंप लगाए गए थे उन्हें स्थायी रूप से हटा दिया गया है। सीवर लाइन अब पूरी तरह दुरुस्त है और नियमित रूप से काम करेगी। -सुनील कुमार, अधीक्षण अभियंता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।