फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: बदली जाएंगी शहर की साढ़े चार दशक पुरानी सीवर और पानी की लाइनें, अगले सप्ताह मिल सकती है सरकार से मंजूरी

Sat, 23 Aug 2025 10:45 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
देवसर चुंगी ​डिस्पोजल से ड्रेन में डाला जा रहा शहर का दू​षित पानी।
विज्ञापन
भिवानी। शहर में करीब साढ़े चार दशक पुरानी सीवर और पानी की जर्जर लाइनों को बदलने की योजना अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। अमृत द्वितीय चरण के तहत तैयार किए गए मसौदे को तकनीकी मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। अब इसे प्रशासनिक मंजूरी के लिए हरियाणा सरकार की अगले सप्ताह बुधवार को होने वाली बैठक में रखा जाएगा। मंजूरी मिलते ही नई लाइनों की ड्राइंग और डिजाइन तैयार कर टेंडर व वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया शुरू होगी।
विज्ञापन

फिलहाल योजना के तहत 220 करोड़ रुपये से 55 किलोमीटर लंबी पानी की नई लाइन और 54 करोड़ रुपये की लागत से साढ़े 24 किलोमीटर लंबी नई सीवर लाइन डाली जानी है। इसके पूरा होने पर शहरवासियों को लीकेज और जाम सीवरेज की समस्या से छुटकारा मिलेगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के स्थानीय अधिकारियों की मसौदे पर मुख्यालय अधिकारियों से विस्तृत चर्चा हो चुकी है। विभाग के चीफ इंजीनियर ने इस मसौदे को बुधवार को होने वाली सरकार की बैठक में एजेंडे पर रखने की तैयारी कर ली है।

आपत्तियां दूर करने के बाद मिली तकनीकी मंजूरी
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने इस साल मार्च में मसौदा मुख्यालय को भेजा था जिस पर कुछ आपत्तियां दर्ज हुई थीं। बाद में स्थानीय अधिकारियों ने इन्हें दूर कर पुनः मसौदा भेजा जिसके बाद रफ कोस्ट पर तकनीकी मंजूरी मिल गई। मंजूरी मिलने के बाद से विभाग ने डिजाइन तैयार करने का काम भी शुरू कर दिया है हालांकि इस पर काफी कार्य बाकी है। प्रशासनिक मंजूरी के बाद डिजाइन व ड्राइंग पर तेजी से काम होगा और यह तय होगा कि किन हिस्सों में पुरानी लाइनों को बदला जाएगा और कहां नई लाइनें डाली जाएंगी।
विज्ञापन


शहरी सीवरेज पर ये होंगे काम
शहरी दायरे में सीवर सिस्टम को सुधारने के लिए 54 करोड़ रुपये से साढ़े 24 किलोमीटर नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी और पुरानी लाइनें बदली जाएंगी। दादरी रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का नवीनीकरण होगा। देवसर चुंगी के मुख्य डिस्पोजल में नया टैंक और पंपिंग सिस्टम स्थापित किया जाएगा। शहर के भीतर 60 साल पुराने 121 ईंटों के मैनहोल की जगह आरसीसी के नए मैनहोल बनाए जाएंगे। साथ ही पूरे शहर में 1200 नए सीवर मैनहोल का भी निर्माण किया जाएगा।


भिवानी शहर में अमृत द्वितीय चरण के तहत सीवर और पानी की लाइनों के नवीनीकरण के कार्य को विभाग से तकनीकी मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। जिसके बाद मुख्यालय के अधिकारियों के साथ बैठक कर इसे अब सरकार के पास प्रशासनिक मंजूरी के लिए भेजने की अंतिम तैयारी हो चुकी है। अगले सप्ताह बुधवार को सरकार की बैठक में ये एजेंडा रखा जाएगा। जिसमें मंजूरी मिलने के बाद ही शहर के अंदर पानी और सीवर लाइनों के नवीनीकरण कार्य की ड्राइंग तैयार करने का काम तेजी से आगे बढ़ पाएगा। -सुनील कुमार, अधीक्षण अभियंता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें