बवानीखेड़ा। गांव जमालपुर द्वितीय में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब तीन दिन से लापता 50 वर्षीय व्यक्ति का शव गांव के श्मशान घाट के पास स्थित जोहड़ में मिला। मृतक की पहचान गांव के ही बबलू उर्फ धर्मवीर (50) के रूप में हुई। ग्रामीणों ने शव देख तत्काल सरपंच भूप सिंह और बवानीखेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के मुताबिक मृतक के शरीर पर किसी भी चोट का निशान नहीं मिला। शव को कब्जे में लेकर भिवानी नागरिक अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक बबलू 30 अगस्त की रात को घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन 31 अगस्त को परिजनों ने बवानीखेड़ा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला सोमवार देर शाम ग्रामीणों ने शव को जोहड़ में देखा। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे हादसा बता रहे हैं जबकि कई लोग मामले में गहन जांच की मांग कर रहे हैं।
बबलू दो बच्चों का पिता था। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। बवानीखेड़ा थाना प्रभारी ओमप्रकाश और जांच अधिकारी एसआई नीर ने बताया कि फिलहाल इत्तफाकिया मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी।