शहर के रेलवे स्टेशन पर खुले में सोते लोग ।
भिवानी। रात को ठिठुरन में फुटपाथ पर सोने वाले लोगों का बदल सिकुड़ रहा है, लेकिन अभी तक प्रशासन ने रैन बसेरों का कोई प्रबंध नहीं किया है। नगर परिषद ने भी रैन बसेरा बनाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। रात के समय तापमान 14 डिग्री तक पहुंच रहा है। हर साल फुटपाथ पर साधु व लावारिस लोगों की मौतें हो रही हैं। लेकिन इस पर भी किसी अधिकारी का दिल नहीं पसीज रहा है।
भिवानी नगर परिषद कार्यालय के अलावा बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों के आसपास रैन बसेरों का प्रबंध ठंड की शुरुआत होने से पहले ही करना अनिवार्य है। ऐसे में रैन बसेरों के संबंध में आम लोगों को भी पता होना चाहिए। कोई भी मुसाफिर यहां मुफ्त में ठहर सकता है। लेकिन अभी तक ठंड की दस्तक होने के बावजूद रैन बसेरों का कुछ पता नहीं है।
वहीं बिना बसेरे रैन भी बेचैनी में कट रही है। रेलवे स्टेशन और आसपास दिनभर साधु व लावारिस लोग फुटपाथ पर ही पड़े रहते हैं। रात को भी उन्हें कोई सुरक्षित ठिकाना नसीब नहीं होता है। बस स्टैंड पर भी कोई रैन बसेरा नहीं है। वहीं अतिरिक्त उपायुक्त हर्षित कुमार का कहना है कि इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं।
शहर के इन हिस्सों में रैन बसेरे बनाए जाने जरूरी
भिवानी के रेलवे रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय के पास, बस स्टैंड के समीप, दादरी गेट क्षेत्र, लोहारू रोड क्षेत्र के अलावा भगत सिंह चौक क्षेत्र के आसपास रैन बसेरा बनाया जाना जरूरी है। इन हिस्सों में अधिकांश लावारिस लोग बिना छत के ही रात बिताते हैं। जबकि शहर के कई हिस्से ऐसे हैं, जहां रैन बसेरा अनिवार्य रूप से होना चाहिए। रेलवे स्टेशन पर भी नवनिर्माण का काम चल रहा है। यहां बना वेटिंग रूम भी तोड़कर उसे खुला वेटिंग हॉल बना दिया है। जबकि रेलवे स्टेशन पर भी लावारिस लोगों को घुसने नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में ये लोग स्टेशन के आसपास की दुकानों के गलियारों या फिर खुली फुटपाथ पर ही बिस्तर लगा ठंड में ठिठुर रहे हैं।
नगर परिषद की तरफ से रैन बसेरे की व्यवस्था कराई जा चुकी है। फिलहाल नगर परिषद के हाल में रैन बसेरा चल रहा है। इसी तरह बस स्टैंड पर भी वेटिंग कक्ष को रैन बसेरे के तौर पर प्रयोग किया जा रहा है। इनके अंदर जरूरी व्यवस्थाएं कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नगर परिषद कार्यालय के बाहर बन रहे शौचालय के प्रथम तल पर स्थायी तौर पर रैन बसेरा निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा। इसके बाद रैन बसेरा को लेकर किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
-भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।