भिवानी। संदिग्ध परिस्थितियों में बैंककर्मी के लापता होने के 48 घंटे बाद जलघर टैंक में शव बरामद होने के बाद वीरवार को शहर थाना पुलिस ने मृतक का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। मृतक के परिजनों ने बताया कि 44 वर्षीय मनीष ने तीन मार्च की दोपहर बाद लंच सहकर्मियों के साथ किया था। इसके बाद उसने अपनी टेबल पर ही अपना मोबाइल फोन छोड़ दिया और फिर इलेक्ट्रिक स्कूटी लेकर शाखा से निकल गया था।
मनीष अनाज मंडी स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में बतौर क्लर्क तैनात था। परिजनों ने बताया कि शाम को जब सहकर्मी मनीष का मोबाइल फोन लेकर घर आया तो उसके लापता होने का पता लगा था। इसके बाद इसकी शिकायत शहर थाना पुलिस में दी थी। पुलिस ने बैंककर्मी के मामा की शिकायत पर केस दर्ज किया था।
परिजन भी लापता हुए बैंक कर्मी मनीष की तलाश करते रहे। उन्हें पता चला कि जलघर टैंक के बाहर मनीष की स्कूटी बरामद हुई है। इस पर जब जलघर कर्मचारियों से पता किया तो उन्होंने बताया कि एक इलेक्ट्रिक स्कूटी यहां लावारिस खड़ी थी। इसे डायल 112 की टीम बुलाकर सौंप दिया था। इसके बाद चौकी में पहुंचकर परिजनों ने स्कूटी को पहचान लिया और फिर पुलिस के साथ ही जलघर पहुंचकर टैंक में सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को एक टैंक से मनीष का शव बरामद हुआ।
मृतक मनीष दो बच्चों का पिता था। उसका बड़ा 11 साल का एक लड़का और तीन साल की एक छाेटी बेटी है। परिजनों के अनुसार मनीष का किसी के साथ कोई झगड़ा या विवाद नहीं था। बैंक कर्मचारी भी उसकी मौत से अचंभित हैं, क्योंकि उसी दिन सहकर्मियों के साथ बैठकर उसने खाना खाया और फिर शाखा से अचानक ही बिना बताए निकल गया था।
बैंक कर्मी मनीष के शव का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। मनीष दो भाइयों में छोटा था। मृतक के पिता के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
-एसआई दयानंद, इंचार्ज, शहर थाना पुलिस भिवानी।