सेठ किरोड़ीमल पार्क में आरती कर रामलीला मंचन की शुरूआत करते आयोजक।
भिवानी। सेठ किरोड़ीमल पार्क में श्री अग्रसेन रामलीला कमेटी की ओर से चार दिवसीय रामलीला का भव्य मंचन चल रहा है। रामलीला के दूसरे दिन भगवान राम के वनवास, सीताहरण का मंचन हुआ। राम वनवास के दौरान पंडाल में मौजूद दर्शक भी भावुक हो गए। वहीं सीता हरण दृश्य को देखकर दर्शकों का मन भी दु:ख भाव से भर उठा।
श्रीराम लीला कमेटी प्रधान विजय बंसल टैनी सहित अन्य पदाधिकारियों ने दूसरे दिन अतिथियों का स्वागत किया। युवा व्यापारी अभिषेक बंसल ने राम दरबार की आरती की। इस मौके पर रामलीला के कलाकारों ने एक-एक कर राम वनवास से लेकर केवट लीला और सीता हरण के विभिन्न किरदारों को बखूबी निभाया।
रामलीला में देर रात तक शहर के गणमान्य नागरिक एकाग्रता के साथ रामलीला के मंचन के दृश्यों को भावुकता और उत्सुकता के साथ देखने के लिए जुटे। शुक्रवार को रामलीला के तीसरे दिन लंका दहन, लक्ष्मण मूर्छा एवं मेघनाथ वध का मंचन किया जाएगा। जबकि 12 अक्तूबर को कुंभकर्ण वध, अहीरावण वध एवं रावण वध के मंचन के बाद 100 फुट ऊंचे रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन आतिशबाजी के साथ किया जाएगा। संवाद