भिवानी। अग्रवाल सभा भिवानी के तत्वावधान में 18 सितंबर से 21 अक्तूबर तक महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शोभायात्रा तथा सेठ किरोड़ीमल पार्क में संपूर्ण रामलीला का मंचन मुख्य आकर्षण रहेगा।
महोत्सव की रूपरेखा साझा करने के लिए वीरवार को हालु बाजार स्थित अग्रसेन भवन में पत्रकार वार्ता हुई। सभा प्रधान सुनील सर्राफ ने कहा कि महाराजा अग्रसेन समाजवाद और समरसता के प्रतीक थे। उनकी प्रेरणा से महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मानव सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान गो सेवा, राणी सती मंगल पाठ, मानव सेवा प्रभु मिलन सहभोज, पौधरोपण, वनवासी बच्चों के साथ सहभोज, नि:शुल्क मेडिकल कैंप, फल वितरण, खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा। 11 अक्तूबर को प्रात: माल्यार्पण और ध्वजारोहण के बाद हालु बाजार से शोभायात्रा निकलेगी।
शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नया बाजार में संपन्न होगी। इसमें हरियाणा के अलावा बाहरी राज्यों के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। बैंड-बाजे, ताशे, नसीरी, नृत्य और विभिन्न देव-स्वरूपों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पत्रकार वार्ता में उपप्रधान प्रकाश मित्तल, संयुक्त सचिव मनीष मैदावाला, महामंत्री दिवाकर जैन, कोषाध्यक्ष मनीष वैद, मामनचंद अग्रवाल, सुरेश कागजी, रामोतार गुप्ता, उमा शंकर अग्रवाल, नरेंद्र सर्राफ, अधिवक्ता अजय सर्राफ, सुरेश डिब्बेवाला, विनोद जैन मौजूद रहे।
11 से 21 अक्तूबर तक होगा संपूर्ण रामलीला का मंचन, सुनाई देंगे रावण के ठहाके
रामलीला कमेटी के प्रधान विजय टैणी ने बताया कि इस बार रामलीला का मंचन आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित होगा। स्थानीय कलाकार पिछले दो माह से अग्रसेन भवन में दिन-रात अभ्यास कर रहे हैं। रेलवे रोड स्थित सेठ किरोड़ीमल पार्क में 11 से 21 अक्तूबर तक रोजाना रात 7:30 बजे से रामलीला का मंचन होगा। रामलीला में गणेश वंदना, नारद मोह, सीता स्वयंवर, लंका दहन से लेकर रामराज तिलक तक के सभी प्रसंग सजीव रूप में प्रस्तुत किए जाएंगे। विजयादशमी पर 100 फीट ऊंचे रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। यह आयोजन क्षेत्र में आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा।