भिवानी में बोर्ड कैंपस में आवास खाली कराने के दौरान दीप्ति धर्माणी के पति भूपेंद्र धर्माणी से
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर स्थित बोर्ड सचिव के आधिकारिक आवास को चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलपति से खाली कराने के लिए वीरवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में प्रशासनिक दल पहुंचा। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। विवाद बढ़ने पर भाजपा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक और बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन मौके पर पहुंचे। इसके बाद करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में बैठक चली। बैठक में बीच का रास्ता निकालने पर जोर दिया गया। कुलपति डॉ. दीप्ति धर्माणी 17 महीनों से इस आवास में रह रही हैं, जिसे अब तक खाली नहीं किया गया है।
बोर्ड कैंपस में बोर्ड सचिव को अलॉट की जाने वाली कोठी में सीबीएलयू की कुलपति दीप्ति धर्माणी काबिज हैं। बोर्ड प्रशासन की तरफ से कुलपति को ये आवास अलॉट किया गया था जिसे नोटिस जारी करने के 48 घंटे में खाली करना अनिवार्य किया गया था। बोर्ड प्रशासन के मुताबिक दो बार नोटिस के बाद भी बोर्ड सचिव की कोठी को खाली नहीं किया गया। इस पर उपायुक्त ने तहसीलदार भिवानी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया। वीरवार दोपहर बाद भारी पुलिस बल के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में शिक्षा बोर्ड अधिकारियों का अमला मौके पर आवास सील करने पहुंचा। हालांकि, ढाई घंटे तक चली गहमागहमी के बाद प्रशासनिक अमला वापस लौट गया।
शिक्षा बोर्ड में पिछले कुछ अर्से से बोर्ड सचिव का पद खाली होने की वजह से आवास खाली पड़ा था। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में माइनर मेंटनेंस शाखा के सहायक सचिव बहादुर सिंह ने बताया कि वीसी को 15 अप्रैल 2024 को बोर्ड सचिव आवास अलाॅट किया गया था। इस कोठी को खाली करने के लिए 10 सितंबर 2025 को पहला नोटिस दिया गया। इस पर वीसी की तरफ से जवाब भी दिया गया था। नोटिस की समय अवधि समाप्त होने के 48 घंटे में आवास खाली करने के लिए 19 सितंबर को दूसरा नोटिस जारी किया गया। जवाब नहीं आने पर बोर्ड ने उपायुक्त को पत्र लिखकर आवास खाली कराने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मांग की। वीरवार को उपायुक्त के आदेश पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार भिवानी जयवीर सिंह की अगुवाई में सिविल लाइन पुलिस थाना एसएचओ देवेंद्र सिंह दलबल सहित मौके पर पहुंचे। बोर्ड की तरफ से माइनर मेंटनेंस शाखा के सहायक सचिव बहादुर सिंह और शैक्षिक शाखा की सहायक सचिव संतोष नरवाल के बोर्ड स्टाफ भी पहुंचा। इस बारे में सीबीएलयू की वीसी दीप्ति धर्माणी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मैं अभी बैठक में हूं, बाद में बात करती हूं।
-
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में बने सचिव आवास को खाली कराने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था, आवास खाली कराने का मामला अभी लंबित रखा गया है। इस बारे में संदेश फोन पर मिला है। मुझे मौके पर कानून-व्यवस्था बहाल रखने के लिए भेजा था। आवास खाली कराने के संबंध में बोर्ड अधिकारियों को ही अंतिम निर्णय लेना है। मामले को सुलझाने का प्रयास जारी है।
- जयवीर सिंह, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार भिवानी।