बहल। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बहल पुलिस के जिस एसआई को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है वह एसआई पहले भी इसी शिकायतकर्ता से एक हजार रुपये ऐंठ चुका है। टीम ने आरोपी एसआई को गिरफ्तार कर शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए एक हजार रुपये बरामद किए हैं। टीम ने आरोपी एसआई को न्यायालय में पेश किया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शिकायत के आधार पर सोमवार शाम को अपना जाल बिछाया था। शिकायतकर्ता को टीम ने पांच हजार रुपये के नोटों पर पाउडर लगाकर एसआई अजमेर को देने के लिए भेजा था। जैसे ही एसआई ने शिकायतकर्ता से रुपये लिए तो उसने टीम को इशारा कर दिया। टीम सदस्य मौके पर पहुंचे और एसआई के पास से दिए गए पांच हजार रुपये बरामद कर लिए। टीम ने उसी समय एसआई को काबू कर उससे मामले के बारे में पूछताछ की। टीम ने आरोपी एसआई से शिकायतकर्ता द्वारा पहले दिए गए एक हजार रुपये भी उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिए।
गौरतलब है कि मंढोली कलां निवासी पवन ने एंटी करप्शन ब्यूरो टीम को शिकायत की थी कि उसका पारिवारिक झगड़ा था। जिसकी पुलिस में शिकायत की गई थी। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद एसआई अजमेर उनसे झगड़े का केस निपटाने के लिए पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। इसी तरह दूसरे पीड़ितों से भी आरोपी रिश्वत मांग रहा था। जिस पर शिकायतकर्ता ने एसआई को रिश्वत देने से मना कर रखा था और मामले को एंटी करप्शन ब्यूरो में ले जाने के लिए प्रेरित किया था। मामले को लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो ने कार्रवाई की। जिस पर आरोपी एसआई रिश्वत लेता पकड़ा गया।
मंढोली कलां निवासी एक व्यक्ति ने एसीबी के समक्ष शिकायत दी थी कि झगड़े को निपटाने के मामले में एक एसआई द्वारा पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। इस पर ब्यूरो ने एक टीम का गठन कर बहल थाना में भेजा था। जहां एसआई अजमेर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेता पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शिकायकर्ता से लिए एक हजार रुपये भी बरामद कर लिए है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया है।
- इंस्पेक्टर विजय, एंटी करप्शन ब्यूरो, भिवानी।