बवानीखेड़ा। पुलिस ने भैणी ठाकरान में डेरे के महंत पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महासिंह उर्फ माया निवासी संदलाना जिला हिसार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जिला संगरूर पंजाब में महंत रजाईनाथ के नाम से जो डेरा है, उस डेरे के अंतर्गत कई एकड़ जमीन आती है।
जमीनी विवाद के चलते आरोपी ने महंत रजाई नाथ पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। गांव भैणी ठाकरान में डेरा सोमपुरी के महंत रजाईनाथ उर्फ धनराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 अप्रैल को दोपहर के समय वह अपने डेरे में आराम कर रहे थे। उस समय डेरे में माया व सुरेंद्र नाम के दो व्यक्ति आए थे। उन्होंने कहा कि वे एसी लेकर आए हैं। उन्होंने गाड़ी में से एसी उतरवाने की बात कही।
महंत के कुछ दूर चलने पर आरोपी ने उन पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। इसके बाद वे डेरे से भाग गए थे। गोली महंत के कमर में लगी थी। उनको इलाज के लिए सामान्य अस्पताल बवानीखेड़ा में दाखिल कराया गया था। शनिवार को थाना बवानीखेड़ा के उप निरीक्षक पवन कुमार ने महंत पर जान से मारने की नियत गोली चलाने के मामले में एक आरोपी को मोठ, जिला हिसार से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।