निर्माणाधीन भवन पर शटरिंग गिरने से फैला मलबा।
भिवानी। बासिया भवन से कोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार रात करीब नौ बजे एक निर्माणाधीन भवन में लेंटर की ढलाई के दौरान शटरिंग की बल्ली टूटने से हादसा हो गया जिसमें पांच मजदूर घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सभी मजदूर खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
शुक्रवार रात को निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन में लेंटर की ढलाई का कार्य चल रहा था। यह भवन काफी समय से निर्माणाधीन है और फिलहाल इसकी तीसरी मंजिल पर लेंटर की ढलाई की जा रही थी। मौके पर 25 मजदूर काम कर रहे थे जो सभी मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं।
ढलाई के दौरान अचानक शटरिंग की बल्ली टूट गई जिससे सरिया व अन्य निर्माण सामग्री नीचे गिर गई। बल्ली टूटने से लेंटर ढलाई का कार्य कर रहे पांच मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल विभाग और एचडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में से दो मजदूरों को ज्यादा चोटें आने के कारण अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती किया गया।
ठेकेदार ओमप्रकाश ने बताया कि लेंटर की ढलाई के दौरान शटरिंग की बल्ली टूटने से यह हादसा हुआ जिसमें पांच मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और सभी खतरे से बाहर हैं।