संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए तोशाम मिनी बाईपास और पालुवास मोड़ पर अस्थायी बस स्टैंड बनाए गए हैं। संयुक्त पात्रता परीक्षा के लिए आरटीए कार्यालय की तरफ से भी 350 निजी स्कूल बसों को परीक्षा के लिए मुहैया कराया गया है। जबकि रोडवेज अमले में 210 बस ऑन रूट रखीं जाएंगी।
भिवानी स आठ जिलों में दो दिनों के लिए 66 हजार परीक्षार्थी जाएंगे जबकि दूसरे जिलों से दोनों दिन 46 हजार परीक्षार्थी यहां परीक्षा देने आएंगे। वहीं सीईटी को लेकर शहर व ग्रामीण क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों में भी परीक्षा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं कराई गईं। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी कड़ी सुरक्षा के प्रबंध किए हैं।
सीईटी को लेकर रोडवेज विभाग ने शहर में दो अस्थायी बस स्टैंड बनाए हैं। इसकी वजह 350 प्राइवेट बसों और 210 रोडवेज की बसों का एक साथ संचालन करना है। प्राइवेट बसों का शुक्रवार को ही अस्थायी बस स्टैंड पर ठहराव सुनिश्चित कराया गया। इसके अलावा परीक्षार्थियों ने शुक्रवार को भी शनिवार को होने वाली परीक्षा के लिए निशुल्क रोडवेज बसों में सफर किया। जबकि शुक्रवार को भी परीक्षा केंद्रों के लिए पूछताछ के लिए भी बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क बनाए गए थे।
जिन पर परीक्षार्थी और उनके अभिभावक बसों के संचालन संबंधी जानकारी जुटाने पहुंचे। वहीं सीईटी को लेकर बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर भी सीसीटीवी कैमरे व जैमर लगाने का काम जारी रहा। वहीं परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने निरीक्षण कर यहां के प्रबंधों का जायजा लिया।
रोडवेज अधिकारियों की मानें तो भिवानी जिले से शनिवार को करीब 33 हजार परीक्षार्थी आठ जिलों में परीक्षा देने भिवानी से बाहर जाएंगे। जबकि 23 हजार परीक्षार्थी दूसरे जिलों से यहां आएंगे। रविवार को भी करीब इतने ही परीक्षार्थियों की परीक्षा का शेड्यूल रहेगा।
अल सुबह दो बजे कुरुक्षेत्र और पानीपत, सुबह साढ़े पांच बजे हिसार के लिए चलेंगी बस
भिवानी बस स्टैंड से रविवार अल सुबह दो बजे कुरुक्षेत्र, अंबाला और पानीपत जिलों के लिए बस चलाई जाएंगी। जबकि दूसरी पारी के लिए हिसार व नजदीकी जिलों के लिए रविवार सुबह साढ़े पांच बजे बसों का संचालन शुरू होगा। पहले सत्र की परीक्षा में सुबह साढ़े सात बजे से प्रवेश आरंभ होगा। जबकि दूसरे सत्र की परीक्षा के लिए प्रवेश डेढ़ बजे शुरू हो जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी समय पर पहुंचे, इसके लिए दूरी के हिसाब से बसों के संचालन निर्धारित किया है। वहीं शनिवार को भी यही शेड्यूल रहेगा।
प्राइवेट बसों में रोडवेज कराएगा ईंधन का प्रबंध
आरटीए कार्यालय से करीब 350 स्कूली बसों को सीईटी के लिए रोडवेज को मुहैया कराया है। इन बसों के संचालन के लिए ईंधन यानी डीजल का प्रबंध रोडवेज कराएगा। वहीं इन बसों को परीक्षा केंद्र तक परीक्षार्थियों को पहुंचाना होगा और फिर इन्हें ही वापस लाएंगे।
अस्थायी बस स्टैंड पर लगाए जिलों के बैनर
मिनी बाईपास पर बनाए गए अस्थायी बस स्टैंड पर जिन जिलों में बसें जाएंगी उनके नाम के बैनर लगाए गए हैं। ये बसें बस स्टैंड से परीक्षार्थियों को बैठाएंगी। इन बसों में व्यवस्थाओं की जांच शुक्रवार को रोडवेज अधिकारियों ने की। वहीं दूसरे जिलों से आने वाली बसों के लिए पालुवास मोड़ पर अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया है। जहां इन बसों का ठहराव कराया जाएगा। इन दोनों ही जगहों पर रोडवेज कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है।
स्कूलों में हुई शनिवार की छुट्टी की घोषणा
शनिवार को स्कूली बच्चों की भी छुट्टी की अधिकारिक घोषणा कर दी गई। जिन स्कूलों के अंदर परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस तैनात रहेगी। वहीं पुलिस रायडर भी परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार गश्त पर रहेगी। जिला प्रशासन के ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं।
सीईटी को लेकर रोडवेज विभाग ने शनिवार और रविवार को दो दिनों के लिए बसों की व्यवस्था कर दी है। आरटीए कार्यालय की तरफ से भी करीब 350 निजी व स्कूली बस मुहैया कराई गई है। जो परीक्षा केंद्रों तक परीक्षार्थियों को लेकर जाएंगी और वापस लाएंगी। बस स्टैंड पर पूछताछ के लिए बूथ बनाया है वहीं हर रूट की बस का शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
-डॉ नेत्रपाल खत्री, महाप्रबंधक, भिवानी डिपो, हरियाणा राज्य परिवहन विभाग भिवानी।