भिवानी। गांव खरकड़ी झांवरी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के अध्यापकों ने एक प्रेरणादायी पहल करते हुए अपने स्वयं के खर्चे पर स्कूल का सुंदरीकरण कराया है। संसाधनों की कमी और सरकारी सहायता की प्रतीक्षा किए बिना, शिक्षकों ने मिलकर स्कूल परिसर को एक सुंदर, स्वच्छ और बच्चों के लिए प्रेरणादायक स्थान बना दिया है।
प्राचार्य राज सिंह घणघस ने बताया कि विद्यालय का भवन कई वर्षों से पुराना लग रहा था। प्रवक्ता बलजीत सिंह, अशोक कुमार, समुंद्र सिंह, मंजीत ने सकारात्मक पहल करते हुए विद्यालय के रंग रोगन का बीड़ा उठाया। इसमें धन का अभाव बीच में आ रहा था। जिसको पूरा करने के लिए समस्त स्टाफ सदस्यों से विचार करने पर उन्होंने पूरे जोश से इस कार्य में सहयोग करने का आश्वासन दिया।
कुछ ही समय में स्टाफ सदस्यों ने करीबन सवा लाख तथा ग्रामीणों के सहयोग से दो लाख रुपये से अधिक की राशि एकत्रित हो गई। इसमें बाद अन्य सदस्यों ने भी सहयोग राशि दी तथा लगभग सवा लाख रुये एकत्रित होने के बाद विद्यालय में रंग रोगन का कार्य किया गया।
उन्होंने बताया कि इस सराहनीय कार्य में न केवल स्टाफ सदस्यों, बल्कि खरकड़ी, झांवरी तथा लक्ष्मणपुरा तीनों ग्राम पंचायतों व ग्रामीणों ने भी सहयोग दिया। इससे विद्यालय के प्रांगण का रंग रोगन हो पाया। अब विद्यालय भवन आगंतुकों को आकर्षित कर रहा है। विद्यालय प्राचार्य राज सिंह घणघस ने पंचायत प्रधान, ग्रामीणों व स्टाफ सदस्यों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि स्टाफ सदस्यों ने महसूस किया कि बच्चों के लिए एक सुंदर और सकारात्मक वातावरण जरूरी है तथा विद्यार्थियों को साफ-सुथरा एवं बेहतरीन शैक्षणिक माहौल दिलाने के लिए ये बीड़ा उठाया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के इस प्रयास से न केवल छात्रों में स्कूल के प्रति लगाव बढ़ा है, बल्कि अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी इसे सराहा है। इस सराहनीय कार्य में राजपाल सरपंच प्रतिनिधि खरकड़ी माखवान, विकास जाखड़ पीजीटी, सतबीर ख्यालिया पूर्व प्राचार्य, देवेंद्र सरपंच लक्ष्मणपुरा, ओमप्रकाश प्रकाश पूर्व सरपंच झांवरी, राजेश सरपंच झांवरी, सतबीर लााखलान सेवानिवृत्त पीजीटी, रमेश कुमार खरकड़ी माखवान, रणबीर कादियान खरकड़ी माखवान, रविंद्र खरकड़ी माखवान, राजकुमार झांवरी जेबीटी, रामपाल झांवरी पीजीटी ने भी सहयोग दिया।