उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल कंधों पर रखकर घर लेकर जाते शिक्षक।
- फोटो : Bhiwani
जिले में दसवीं की उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन का कार्य शनिवार को आरंभ हो गया। शनिवार को पूरे जिले में बनाए गए छह मूल्यांकन केंद्रों से शिक्षकों ने उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल उठाए। दरअसल इस बार 10वीं की चार विषयों की परीक्षा के आधार पर ही उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन का कार्य आरंभ किया गया है। उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन का कार्य गुरुजी घर पर ही करेंगे। इसके लिए शनिवार को जिले भर में बनाए गए मूल्यांकन केंद्रों पर शिक्षक पहुंचे और अपने बंडल कंधों पर उठाकर वापस घर लौट गए।
गुरुजी घर पर ही मार्किंग का काम करेंगे और फिर 22 अप्रैल तक मार्किंग की चेकलिस्ट लेकर मूल्यांकन केंद्र में पहुंचेंगे, जिसके बाद इन्हें शिक्षा बोर्ड मुख्यालय के समक्ष भेजा जाएगा। भिवानी शहर में सराय चौपटा स्थित एसडी स्कूल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उत्तमीबाई कन्या स्कूल में मार्किंग सेंटर बनाए हैं। इसके अलावा तोशाम के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लोहारू के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिवानी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मार्किंग सेंटर बनाए हुए हैं। एक ही दिन सभी मार्किंग सेंटरों से शिक्षकों ने उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल उठाए। एक बंडल में 300 मार्कशीट प्रत्येक शिक्षक को दी गई। जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह श्योराण ने बताया कि जिले भर में छह मार्किंग सेंटर बनाए हुए हैं। शनिवार को सभी मार्किंग सेंटरों पर जिन शिक्षकों की मार्किंग ड्यूटी लगाई गई थी, उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं के सीलबंद बंडल उठाए हैं। इन्हें घर ले जाया जाएगा। जहां पर मार्किंग के बाद 22 अप्रैल को वापस सेंटर पर चेक लिस्ट के साथ जमा कराया जाएगा।