लोहारू। समाज सेवी सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद एक अद्वितीय पुरुष थे तथा ऐसे व्यक्तित्व सदियों में एक बार जन्म लेते हैं। स्वामी विवेकानंद महज 39 वर्ष की आयु में धर्म, संस्कृति और संस्कारों के आदर्श पुरुष ख्याति अर्जित कर दुनिया से चले गए थे। लेकिन वे अब भी आदर्शाें के रूप में देश के प्रत्येक युवा के दिलों में राज करते हैं। युवा पीढ़ी को ऐसे महान पुरुषों के आदर्शाे को जीवन में अपनाने की जरूरत है।
सुरेंद्र वर्मा रविवार को स्थानीय आदर्श प्ले स्कूल में भारत विकास परिषद के तत्वावधान और समाज सेवी रामभगत सौलंकी की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित संगोष्ठी कार्यक्रम को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। पहले परिषद के शाखा अध्यक्ष नरेश ठुकराल, सचिव मुकेश शर्मा और कोषाध्यक्ष जितेंद्र जांगड़ा ने अतिथियों का बैज लगाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में सुरेंद्र वर्मा के अलावा सुशील शर्मा, डॉ सुरेश भारद्वाज, रेणु शर्मा, मुकेश शर्मा सहित अनेक वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन में प्रकाश डाला।
इस मौके पर शहीद भगत सिंह समाज कल्याण समिति के प्रधान जगदीश जायलवाल, सुनील, ओमबीर कोच, रईस कुमार, संजू सैनी, रेखा शर्मा, रवींद्र कुमार सहित स्कूल स्टाफ व संगठन के सदस्य मौजूद थे। इस दौरान आम लोगों को प्रसाद भी वितरित किया गया तथा प्रस्तुति देने वाली छात्रा को सम्मानित किया गया।