थाना तोशाम का औचक निरीक्षण करते एसपी वरुण सिंगला।
तोशाम। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने तोशाम थाना का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने थाने का रिकॉर्ड, मालखाना, आपराधिक रिकॉर्ड के निरीक्षण के साथ महिला डेस्क की जांच की। उन्होंने थाने के मुंशी कक्ष और शस्त्रागार में रखे असलहे की जांच की और कंप्यूटर रूम के साथ वायरलेस कक्ष की भी व्यवस्था देखी।
इस दौरान उन्होंने थाना प्रबंधक को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि थाना में आने वाली शिकायतों का इंद्राज कर उन पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। सभी अपनी ड्यूटी जिम्मेवारी से निभाएं। पुलिस थाने में आने वाले शिकायतकर्ता से सहयोग और सम्मान पूर्वक व्यवहार कर उनकी बातों को ध्यान से सुनें।
उन्होंने थाना प्रबंधक को थाने का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, थाना परिसर में साफ सफाई रखने के निर्देश दिए और पुलिस कब्जे में लिए गए वाहनों के मामलों का जल्द से जल्द निपटारा करने के निर्देश दे कहा कि थाना में कोई भी कार्य लंबित नही रहना चाहिए। सभी कार्य समय अवधि में पूरे किए जाए। पुलिस अधीक्षक ने थाने में पुलिस जवानों के रहन-सहन व मैस आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाने के अनुसंधानकर्ता की बैठक लेकर अभियोग में समय के अंदर प्रभावी पुलिस कार्रवाई अमल में लाए जाने के निर्देश दिए।