नागरिक अस्पताल के गेट के पास जन औषधि केंद्र से दवा खरीदते लोग।
भिवानी। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत अब जिले के जन औषधि केंद्र पर मरीजों को बाजार से सस्ते दर पर दवाइयां उपलब्ध हो रही हैं। इसमें विशेषकर महिलाओं के सेनेटरी पैड मात्र एक रुपये में केंद्र पर उपलब्ध है। बाजार से सस्ते दामों पर दवाइयां मिलने से शहरवासियों और आमजन को लाभ मिल रहा है।
जन औषधि केंद्र के फार्मासिस्ट संदीप ने बताया कि जन औषधि केंद्र पर बाजार से सस्ते दामों पर दवाइयां मिलने के साथ-साथ मरीज की जरूरत के अनुसार भी दवाइयां मरीज के ऑर्डर पर उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने ने बताया कि जन औषधि केंद्र पर विशेषकर हार्ट, ब्लड प्रैशर, शुगर, खांसी, जुखाम, बुखार और सर्जिकल आइटम व महिलाओं के सेनेटरी पैड बाजार से सस्ते दामों पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि केंद्र पर अधिकतर शुगर, ब्लड प्रैशर और हार्ट के मरीज आते है। जिन्हें जन औषधि केंद्र पर बाजार से सस्ते दामों पर दवाइयों का लाभ मिल रहा है।
क्या है जन औषधि केंद्र
आमजन को भी सस्ते दामों पर दवाइयां उपलब्ध हो सकें इस उद्देश्य से वर्ष 2008 में रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने जन औषधि योजना की शुरुआत की। वर्ष 2015 में जेनेरिक दवाइयों की उपलब्धता को बढ़ाने के लिए इसका नाम बदलकर प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना कर दिया गया। इसको आगे गति देने के लिए एक बार फिर से नामकरण करते हुए इसका नाम प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना कर दिया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की पहुंच को सुनिश्चित करना, आमजन के जेब पर दवाइयों के खर्च को कम करना, महिलाओं के मासिक धर्म की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बना महिलाओं को जागरूक करना और बेहतर स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देना योजना के प्रमुख उद्देश्य है।
जन औषधि केंद्र जरूरतमंद मरीजों को सस्ती दवाएं मुहैया कराने के उद्देश्य ये शुरू किया गया है। इसका लाभ अधिकांश मरीजों को मिल रहा है। मरीजों को नागरिक अस्पताल में दवाइयां दी जा रही हैं, मगर बाहर से इलाज कराने वाले मरीजों को जन औषधि केंद्र पर भी रियायती दरों में दवाएं मिल रही हैं।
- डॉ रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन भिवानी।