कैरू। राजकीय आईटीआई देवराला में नए सत्र से कोपा ट्रेड में भी दाखिले शुरू होंगे। इच्छुक विद्यार्थी कोपा ट्रेड के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। पहले यहां पर सिलाई, कढ़ाई व वायरमैन का प्रशिक्षण दिया जाता था। अब कोपा यानि कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामिंग असिस्टेंट की शिक्षा ले सकेंगे।
ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल पर भी ट्रेड को एड कर दिया गया है। इसमें इच्छुक उम्मीदवार कोपा ट्रेड का अपना विकल्प चुन सकते हैं। दाखिले मेरिट के आधार लिए जाएंगे। देवराला क्षेत्र के विद्यार्थियों को कोपा ट्रेड का प्रशिक्षण के लिए बहल, लोहारू या तोशाम जाना पड़ता था। फिलहाल आईटीआई में अभी दो ही ट्रेड संचालित हो रही थी। कोपा की 24 सीटें मिलाकर अब संस्थान में 64 सीटें हो गई हैं।
ट्रेड बढ़ने से भवन की आवश्यकता पड़ेगी
संस्थान में कोपा ट्रेड बढ़ने से अब नए भवन की आवश्यकता पड़ेगी। करीब 15 वर्ष पहले यहां पर पांच ट्रेड होती थी और प्रिसिंपल का पद होता था। लेकिन यहां पर ट्रेड कम होने से इसे सी ग्रुप की आईटीआई घोषित किया गया। अब यहां पर जीआई पद को प्रभारी बनाया गया है। अब नए भवन से आईटीआई का विस्तार होगा। विस्तार से ट्रेड बढ़ेगी और क्षेत्र के विद्यार्थियों को नई-नई ट्रेड का प्रशिक्षण मिलेगा। इससे वह अपना कॅरिअर बना सकेंगे।
गांव देवराला राजकीय आईटीआई में कोपा ट्रेड में नए सत्र से दाखिले किए जाएंगे। संस्थान में इस ट्रेड से विद्यार्थियों को काफी फायदा होगा। इस ट्रेड के जरिए विद्यार्थी कंप्यूटर की शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। वर्तमान परिवेश डिजिटल का है।
- उमेद सिंह, प्रभारी राजकीय आईटीआई देवराला, कैरू।