भिवानी। बाल भवन पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को हरियाणवी लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 20 दिवसीय हरियाणवी लोक नृत्य कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। रंगारंग आर्ट एंड कल्चर एसोसिएशन और कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्या मंजूषा शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला का उद्देश्य युवा पीढ़ी को हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक नृत्यों और लोक कलाओं से जोड़ना है। संस्था प्रधान सुरेंद्र सिंह ने कहा कि लोक कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के अभियान में विद्यालय का सहयोग सराहनीय है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में विद्यार्थियों को हरियाणवी लोक नृत्यों की बारीकियों, पारंपरिक ताल, लय और सांस्कृतिक मुद्राओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को मंचों पर बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर सकें। इस अवसर पर मनोज कुमार, अमित राणा, जितेंद्र सिंह, मुकेश, महेंद्र सिंह, प्रदीप, प्रेरणा, सपना और हिमांशु मौजूद रहे।