ढिगावा जाटान के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते
ढिगावामंडी। अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर सोमवार को पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने विद्यार्थियों को मोबाइल से दूरी बनाकर पढ़ाई और उपयोगी ज्ञान पर ध्यान देने की नसीहत दी। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि शिक्षकों के ज्ञान, संस्कार, मार्गदर्शन और समर्पण से ही देश की भावी पीढ़ी का निर्माण होता है। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना का सम्मान है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सामाजिक विषयों और जीवन मूल्यों की जानकारी देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों में ज्ञान ग्रहण करने की क्षमता बहुत अधिक होती है, लेकिन मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से उनका ध्यान भटक रहा है। विद्यार्थियों को मोबाइल से दूरी बनाकर पढ़ाई और उपयोगी ज्ञान पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, ताकि वे अपनी क्षमता का सही उपयोग कर सकें।
कार्यक्रम का आयोजन सरपंच धर्मवीर सिंह नेहरा की ओर से किया गया। इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विनय जिंदल, खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रभा, स्कूल प्राचार्य भारत सिंह भड़िया, नरेश गर्ग, मुरारीलाल शर्मा और महिपाल बड़दू मौजूद रहे।