भिवानी। महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को दाखिले के अपने सभी डॉक्यूमेंट अपडेट अपलोड करवाने होंगे। कोई भी प्रमाणपत्र छह माह से पुराना नहीं होना चाहिए। ऑनलाइन आवेदन करते समय छह माह से पुराने दस्तावेज जमा करवाने पर विद्यार्थी का फाॅर्म वेरिफाई नहीं होगा।
इस कारण विद्यार्थी को दाखिला लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं स्कॉलरशिप का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों को अपनी फैमिली आईडी में बैंक अकाउंट को अटैच करवाना अनिवार्य है। बिना फैमिली आईडी में बैंक अकाउंट अटैच के विद्यार्थी की स्कॉलरशिप रुक जाएगी।
दरअसल, नए से महाविद्यालयों में दाखिलों के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से शेड्यूल जारी किया जा चुका है। इस बार विद्यार्थियों को दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए सिर्फ 22 दिन मिलेंगे। दाखिला प्रक्रिया 19 मई से शुरू हो चुकी है। जो 9 जून तक जारी रहेगी। विद्यार्थी आवेदन में 10 जून तक सुधार कर सकते हैं। वहीं महाविद्यालयों में 15 जून तक विद्यार्थियों के डॉक्यूमेंट की प्रक्रिया जारी रहेगी।
इसके बाद उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा 18 जून को प्रोविजनल व 19 जून को पहली मेरिट सूची लगाई जाएगी। पहली मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थी 20 से 23 जून तक फीस जमा करवाकर दाखिला ले सकते हैं। विभाग की ओर से दूसरी मेरिट सूची 26 जून को लगाई जाएगी। इसके बाद खाली बची हुई सीटों के लिए महाविद्यालयों में फिजिकल काउंसलिंग एक जुलाई को आयोजित करवाई जाएगी।
दाखिलों के लिए विद्यार्थियों को अपने अपडेट डॉक्यूमेंट अपलोड करवाने अनिवार्य है। स्कॉलरशिप का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों के बैंक खातों से फैमिली आईडी अटैच न होने पर उनकी वित्तीय सहायता रोक दी जाएगी।
परीक्षाओं के चलते महाविद्यालयों में नहीं बनाए गए हैं हेल्प डेस्क
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से इस बार मई माह में ही दाखिलों के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू करवा दी गई है। अमूमन हर साल महाविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया जून माह में आरंभ करवाई जाती थी। वहीं इस समय महाविद्यालयों में परीक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। इसके कारण कॉलेजों में हेल्प डेस्क नहीं बनाए गए हैं। हेल्प डेस्क न होने के कारण दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को दाखिले से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में समस्या का सामना करना पड़ा रहा है।
महाविद्यालयों में दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। दाखिला लेते समय सभी विद्यार्थियों को अपने अपडेट डॉक्यूमेंट अपलोड करवाने अनिवार्य है। ताकि विद्यार्थियों को दाखिले से संबंधित किसी तरह की कोई परेशानी न आए। विभाग की गाइड लाइन के अनुसार कोई भी दस्तावेज छह माह से ज्यादा पुराना न हो।
- जगबीर मान, प्रेस प्रवक्ता, एमएनएस महाविद्यालय।