युवा महोत्सव की तैयारी करते चौधरी बंशी लाल विश्वविद्यालय के छात्र।
भिवानी। रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में होने वाले नॉर्थ जोन युवा महोत्सव में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। सीबीएलयू के 44 प्रतिभागी नॉर्थ जोन युवा महोत्सव में 27 विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इसके लिए सीबीएलयू परिसर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। नॉर्थ जोन युवा महोत्सव में शामिल होने वाली टीमें अपने रियाज को और अधिक निखारने में लगी हैं।
दरअसल, 9 से 13 फरवरी को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय राेहतक में होने वाले नॉर्थ जोन युवा महोत्सव में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भाग लेंगे। सीबीएलयू में हुए युवा महोत्सव में 22 कॉलेजों 500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया था। 16 से 18 जनवरी तक चले सीबीएलयू के युवा महोत्सव में विभिन्न विधाओं में बेहतर प्रर्दशन किया था। इसके बाद नॉर्थ जोन युवा महोत्सव में जाने वाले प्रतिभागियों को ट्रायल के आधार पर चयनित किया गया है। वीरवार को विश्वविद्यालय परिसर में प्रतिभागियों ने अंतिम रिहर्सल की। 9 से शुरू होने वाले पांच दिवसीय युवा महोत्सव में सीबीएलयू के प्रतिभागी 27 विधाओं में अपनी प्रतिभा का दम दिखाएंगे।