गांव प्रेम नगर स्थित सीबीएलयू का नया कैंपस ।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के नए कैंपस में चल रही परीक्षाओं में चेकिंग के दौरान एक छात्र द्वारा परीक्षा ड्यूटी दे रहे शिक्षक को धमकी देने का मामला सामने आया है। इसी मामले को लेकर शुक्रवार को यूनिवर्सिटी कैंपस में शिक्षकों ने परीक्षाओं का बहिष्कार कर दिया और नॉन टीचिंग स्टाफ की ड्यूटी लगाकर परीक्षा करानी पड़ी। इसकी वजह से पौना घंटे देरी से परीक्षा शुरू कराई गई।
मामला वीरवार दोपहर बाद का है। परीक्षा ड्यूटी दे रहे शिक्षक सुनील भारद्वाज को चेकिंग के दौरान परीक्षा दे रहे एक छात्र ने पहले तो बदसलूकी की और फिर उन्हें धमकी दे डाली। इस मामले को लेकर शुक्रवार को यूनिवर्सिटी कैंपस में सभी शिक्षक एकत्रित हुए और फिर सभी ने परीक्षाओं का बहिष्कार कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही यूनिवर्सिटी के वीसी प्रोफेसर राजकुमार मित्तल, रजिस्ट्रार रितू सिंह व परीक्षा नियंत्रक डॉ पवन गुप्ता मौके पर पहुंचे।
यूनिवर्सिटी प्रशासन के अधिकारियों ने शिक्षकों को परीक्षा कराने का अनुरोध किया और मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया। लेकिन शिक्षक कैंपस में सुरक्षा बढ़ा जाने और आरोपी छात्र पर कानूनी कार्रवाई कराए जाने की मांग पर अड़े रहे। शिक्षकों ने नियमित परीक्षा सुबह की पारी में ड्यूटी नहीं दी। इसके बाद यूनिवर्सिटी ने नॉन टीचिंग स्टाफ को परीक्षा ड्यूटी का जिम्मा थमा दिया और करीब पौना घंटा देरी से परीक्षा शुरू कराई गई। इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने शिक्षकों को भी आश्वासन दिया। जिसके बाद शिक्षक दोपहर दो से पांच बजे की परीक्षा में ड्यूटी देने को राजी हुए।
परीक्षा के दौरान एक छात्र द्वारा शिक्षक के साथ दुर्व्यवहार किए जाने और धमकी देने का मामला संज्ञान में आया था। इसको लेकर शिक्षक एकत्रित हुए थे। इसके बाद वीसी ने कैंपस में सुरक्षा बढ़ाए जाने के मामले में कमेटी बना दी है। वहीं शिक्षकों को भी लिखित शिकायत देने पर कार्रवाई का आश्वासन देने दिया है। इसके बाद सभी शिक्षक परीक्षा ड्यूटी पर वापस लौट गए हैं।
-डॉ. पवन गुप्ता, परीक्षा नियंत्रक, सीबीएलयू भिवानी।