भिवानी। शहर के एक कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र लक्ष्य पर 21 जनवरी को गाड़ी में सवार होकर आए आरोपियों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने छात्र को बेरहमी से पीटा जिसके बाद घायल छात्र को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट के कारण छात्र की अंग्रेजी विषय की परीक्षा भी छूट गई।
दादरी गेट स्थित लक्ष्मी नगर निवासी छात्र लक्ष्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 21 जनवरी को अंग्रेजी विषय की परीक्षा देने समय से पहले कॉलेज पहुंच गया था। वह लाइब्रेरी के पास बैठकर परीक्षा की तैयारी कर रहा था तभी काले रंग की स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी और उसमें सवार 8-10 युवक नीचे उतरे। आरोपियों ने बिना किसी कारण के उस पर लात-घूंसों से हमला किया।
छात्र के चिल्लाने की आवाज सुनकर अन्य विद्यार्थी मदद के लिए पहुंचे तो हमलावर वहां से भाग गए। घायल छात्र को तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार प्रदान किया और पुलिस को सूचना दी। शहर थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि छात्र की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि पूरी घटना का स्पष्ट पता लगाया जा सके।