भिवानी। सोमवार दोपहर तेज बारिश से शहर में आसमान से आफत बरसा दी। शहर की सड़कें और गलियां दरिया बन गईं। वहीं घरों के अंदर भी पानी घुसा। पानी की निकासी के लिए अधिकारी बारिश में ही डिस्पोजलों के निरीक्षण कर व्यवस्था जांच में जुटे रहे। बिजली गुल होने से कभी जनरेटर तो कभी मोटर पंप बंद हुआ। शहर में करीब 40 एमएम बारिश हुई।
कस्बाई इलाकों में भी बारिश के पानी ने लोगों की दिक्कतें बढ़ाईं। स्कूलों की छुट्टी के बाद बच्चों को भी घर लौटने में परेशानी हुई। बारिश के दौरान करीब चार घंटे तक बिजली भी गुल रही। देर शाम तक अधिकारी पानी की निकासी व्यवस्था कराने में जुटे रहे। वहीं शहर के निचले इलाकों से बारिश का पानी हटा रहा।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता सुनील रंगा ने लघु सचिवालय के सामने 45 एमएलडी डिस्पोजल, देवसर चुंगी, विकास नगर, ढाणा रोड, महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, ऑटो मार्केट के पास, शिव नगर और कन्हीराम अस्पताल के पास बनाए गए डिस्पोजल पर मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उनके अलावा एसडीओ एसपी जैन ने विकास नगर पर व्यवस्था संभाली। वहीं नगर परिषद के ईओ अभय यादव और कार्यकारी अभियंता जसवंत सिंह ने भी सामान्य अस्पताल के पास, सेक्टर 13 और हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास जाकर डिस्पोजल को चैक किया। अधिकारियों ने डिस्पोजलों पर पानी निकासी के लिए लगातार मोटरें चलाने ओर डीजी सेट की व्यवस्था अपडेट रखने के निर्देश दिए।
शहर के इन इलाकों में बने जलभराव के हालात
शहर के अग्रसेन चौक, बावड़ीगेट, हनुमान गेट, हालुवास गेट, देवसर चुंगी, दिनोद रोड, पुराना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, दिनोद गेट, चुहड़ सिंह की बजारी पुराना पटवारखाना, शिक्षा मार्ग, सराय चौपटा, हांसी गेट नया बाजार, पुराना बस स्टैंड, गुर्जरों की ढाणी, बाग कोठी, फैंसी चौक, लोहड़ बाजार, जैन चौक, पुरानी अनाज मंडी, रेस्ट हाउस के सामने जलभराव हुआ। इसके अलावा कई हिस्सों में बारिश के पानी की निकासी के लिए कोई व्यवस्था नहीं बनी।
घरों में घुसा पानी, बनी परेशानी
शहर के निचले इलाकों में लोगों के घरों के अंदर भी पानी घुस गया। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी बनी। रसोई, बैडरूम व गेस्ट रूम तक पानी पहुंच गया। लोग खुद ही घरों के अंदर से पानी की निकासी कराने में लगे रहे। शहर की मुख्य सड़कों और गलियों में बारिश के दौरान पानी का बहाव भी इतना तेज बना की मानों नदी बह रही हो। हालांकि पानी की निकासी में करीब चार घंटे लगे।
सभी डिस्पोजल निर्बाध रूप से चल रहे हैं। विभाग ने मूवेबल जनरेटर सेट की भी व्यवस्था की हुई है, जरूरत के अनुसार उनको स्थापित कर दिया जाएगा। लगातार तेज बारिश होने से एक बार तो जलभराव हो जाता है, लेकिन कुछ देर बाद पानी की निकासी हो जाती है।
-सुनील कुमार, कार्यकारी अभियंता, शहरी सीवरेज शाखा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भिवानी।