लोहारू। गांव झांझड़ा श्योराण में पुश्तैनी जमीन पर बिजाई की गई सरसों और जौ की फसल को ट्रैक्टरों से नष्ट करने का विरोध करने पर छह नवंबर को पूर्व सैनिक और उसके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने कस्सी और लाठियों से पूर्व सैनिक दिनेश कुमार का दायां हाथ तोड़ दिया जबकि उनकी भाभी कविता को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर लोहारू थाना पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों सहित 15 से 20 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव झांझड़ा श्योराण निवासी पूर्व सैनिक दिनेश कुमार ने बताया कि गांव में उनकी 12 एकड़ पुश्तैनी जमीन है जिस पर उन्होंने सरसों और जौ की बिजाई कर रखी थी।
आरोप है कि छह नवंबर की शाम करीब पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि पड़ोसी खेत मालिक नरेंद्र, सुरेश, सतपाल और बलजीत अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी फसल नष्ट कर रहे हैं। इस पर उन्होंने अपने भाई महेश कुमार और रणबीर को जानकारी दी। महेश ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
दिनेश के अनुसार वह अपने चचेरे भाई रणबीर और भाभी कविता के साथ खेत में पहुंचे तो वहां तीन ट्रैक्टरों से फसल जोती जा रही थी। इसी दौरान एक कार और राजस्थान नंबर की पिकअप में सवार होकर करीब 15 से 20 युवक मौके पर पहुंचे और खेत में घुस गए। आरोप है कि नरेंद्र ने कस्सी से उनके सिर पर वार किया, बचाव के दौरान कस्सी कान पर लगी और दूसरा वार मोबाइल फोन पर लगने से वह टूट गया।
शिकायत के मुताबिक नीचे गिरने पर बलजीत ने हैरो सहित ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ाने की नीयत से दौड़ाया लेकिन उन्होंने पीछे होकर जान बचाई। इसके बाद सुरपुरा खुर्द निवासी बिल्लू और सवीन ने पेट पर लाठियों से वार किए। आरोप है कि बलजीत ने ट्रैक्टर से उतरकर उनके दायें हाथ पर लाठी से प्रहार किया जिससे हाथ टूट गया। गुलाबो, सतपाल और अन्य युवकों ने भी मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी कविता के पैरों पर नरेंद्र और बलजीत ने लाठियां मारीं जिससे वह भी घायल हो गईं।
युवक पर साजिश रचने का आरोप
दिनेश ने शिकायत में नरेंद्र के बेटे संदीप पर पूरी घटना की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार संदीप दिल्ली में नौकरी करता है और आपराधिक तत्वों से संपर्क होने की धमकी देकर पूरे परिवार को खत्म करने की बात कहता रहा है। आरोप है कि हमलावरों ने करीब तीन लाख रुपये मूल्य की सरसों और जौ की फसल नष्ट कर दी तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए।
चिकित्सकों ने दोनों को जिला नागरिक अस्पताल भिवानी रेफर किया
घटना में घायल दिनेश कुमार और कविता को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहारू ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को जिला नागरिक अस्पताल भिवानी रेफर कर दिया। मामले के जांच अधिकारी जगदीश ने बताया कि शुरुआती स्तर पर दोनों पक्षों ने आपसी भाईचारे से बातचीत कर विवाद सुलझाने के लिए समय मांगा था। हालांकि, आपसी सहमति नहीं बनने और जांच में शिकायत के आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।