बीते एक साल से गंदा पानी पीने को मजबूर हनुमान ढाणी, दादरी गेट क्षेत्र की 18 कॉलोनियों के 90 हजार लोगों की गंदे पानी की आपूर्ति से छुटकारा मिलेगा। दरअसल इस क्षेत्र की सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह ठप है और सीवरेज का पानी ही पेयजल लाइनों में जा रहा है। जो सप्लाई के समय घरों में में सप्लाई होता है। अब एक करोड़ की लागत से 1.5 किलोमीटर लंबी लाइन की एजेंसी से विशेष सफाई करवाई जाएगी। इस्टीमेट स्वीकृत हो गया है और अब टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
शहर के अधिकतर क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था ठप है। जिस कारण पेयजल लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई है। अधिकतर पेयजल लाइनें सीवरेज लाइनों के साथ ही है। इस कारण सीवरेज के व्यर्थ बहते पानी से पेयजल लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो रही है। पिछले दिनों हनुमान ढाणी, दादरी गेट क्षेत्र की कॉलोनियों के लोगों ने रोष भी जताया। यहां लोगों की समस्याएं जानने निकले विधायक घनश्याम सर्राफ के समक्ष भी सीवरेज समस्या और गंदे पानी की सप्लाई की शिकायतों की झड़ी लग गई थी। जिस पर विधायक ने चंडीगढ़ से जनस्वास्थ्य विभाग के चीफ इंजीनियर को भी पिछले सप्ताह बुलाया था।
जनस्वास्थ्य विभाग के स्थानीय अधिकारियों, कर्मचारियों ने यहां सीवरेज लाइन की सफाई में असमर्थता जताई। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि उनके पास जो शॉकर मशीन है, उससे यहां सफाई नहीं हो सकती है और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के चलते मेन्युअली सफाई करा नहीं सकते।
ऐसे में अब यहां एजेंसी से सफाई कराने का निर्णय लिया है। एजेंसी के पास हैवी प्रेशर वाली बड़ी मशीने होती है। जिनसे ही यहां सफाई संभव है। चीफ इंजीनियर की ओर से बनाए प्रपोजल के बाद अस्टिमेट भी स्वीकृत हो गया है। करीब एक करोड़ की लागत से श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर के पास से हालुवास गेट तक की मुख्य सीवरेज लाइन की सफाई करवाई जाएगी। साथ ही जहां भी यह लाइन डैमेज होगी, उसकी मरम्मत भी कराई जाएगी।
सीसीटीवी से दिखाई जाएगी सफाई
ठप सीवरेज की न केवल सफाई करवाई जाएगी बल्कि मौके पर ही कैसी सफाई हुई है, यह भी सीसीटीवी के माध्यम से लाइन के अंदर का दृश्य दिखाया जाएगा ताकि कार्य में खानापूर्ति न हो और किसी के मन में संशय भी न रहे।
इन कॉलोनियों में हो रहे गंदा पानी गंदा पानी
हनुमान ढाणी, दादरी गेट, हालुवास गेट क्षेत्र की अधिकतर सीवरेज मुख्य लाइनें ठप है और इन कॉलोनियों में अब दूषित पेयजलापूर्ति हो रही है। इस क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, वाल्मीकि बस्ती, नई बस्ती, हनुमान ढाणी, हनुमान गेट, हालूवास गेट, शांति नगर क्षेत्र, टिब्बा बस्ती, ढाणा रोड, कमला नगर, कुम्हारान मोहल्ला आदि कॉलोनियों में समस्या बनी हुई है।
मैने दादरी गेट क्षेत्र, हालुवास गेट क्षेत्र की कॉलोनियों का दौरा किया था। वहां गंदे पानी की सप्लाई और सीवरेज ठप होने की समस्या है। मैने चीफ इंजीनियर को भी बुलाकर समस्या दिखाई थी। अब यहां कृष्ण प्रणामी मंदिर से हालूवास गेट तक की मुख्य सीवरेज लाइन की विशेष सफाई करवाई जाएगी। करीब एक करोड़ का अस्टिमेट स्वीकृत हो गया है। जल्द ही इसका टेंडर करवाया जाएगा। - घनश्याम सर्राफ, विधायक