भिवानी। कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जुलाई-अगस्त में आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं के चलते लघु सचिवालय परिसर स्थित डीआरडीए हॉल में स्कूल मुखियाओं की बैठक हुई। बैठक मेें उपायुक्त जयबीर सिंह ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर जरूरी निर्देश दिए। बैठक में कर्मचारी चयन आयोग से विजय कुमार और नगराधीश हरबीर सिंह ने भी परीक्षा संचालन की जानकारी दी।
उपायुक्त ने कहा कि इससे पहले भी भिवानी में कई बार पारदर्शी ढंग से परीक्षाओं का संचालन हुआ है। सभी स्कूल मुखिया अपनी-अपनी जिम्मेदारी को बखूबी जानते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन को गंभीरता से लें और किसी प्रकार की ढिलाई न हो। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र व प्रत्येक रूम के बाहर वहां पर ड्यूटी देने वाले परीक्षा केंद्र अधीक्षक व कर्मचारियों के नाम की सूची लगाई जाएगी। ड्यूटी देने वाले सभी कर्मचारियों को फोटो आईकार्ड जारी किए जाएंगे। किसी भी कर्मचारी को अपने साथ मोबाइल लेकर जाने की इजाजत नहीं होगी। इसके अलावा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा निर्धारित समय के अनुरूप ही परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश करने दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के बाहर लगाए जाने वाले सभी जैमर व सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में होने चाहिए, अन्यथा एजेंसी को पेमेंट नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले बॉयोमैट्रिक व फेस स्कैनिंग की जाएगी। परीक्षा के दौरान आयोग के निर्देशों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी चयन आयोग के निर्देशानुसार फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। ड्यूटी में लापरवाही पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यहां बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र
परीक्षा के लिए भिवानी पब्लिक स्कूल, बिट्स इंटरनेशनल स्कूल, डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, गोस्वामी चंद्रगिरी गर्ल हाई स्कूल, हलवासिया स्कूल, जनसेवा विद्या विहार, केएम पब्लिक स्कूल, पं. सीताराम शास्त्री स्कूल, शिशु भारती स्कूल, टीआईटी स्कूल, उत्तमी बाई स्कूल, वैश्य मॉडल स्कूल, वैश्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जी-लिट्रा स्कूल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय ढ़ाणी हनुमान, पब्लिक स्कूल बाल भवन, एसएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सैनिक हाई स्कूल, रामगोपाल विद्या दर्पण स्कूल, लिट्ल हर्ट स्कूल, सर्वपल्ली राधाकृष्णन स्कूल, केसीएम आर्मी स्कूल, विद्यांतरिक्ष स्कूल, करियर प्लेनेट स्कूल, फूला देवी स्कूल, वैश्य कॉलेज, राजीव गांधी महिला कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय भिवानी, चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय व आदर्श महिला महाविद्यालय कॉलेज में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।