भिवानी। विश्व मुक्केबाजी में चैंपियन धनाना गांव की बेटी नीतू घनघस के पैतृक गांव में खेल स्टेडियम नहीं बनेगा। इसके लिए पंचायती राज विभाग अधिकारियों ने लो लाइन एरिया घोषित करते हुए नॉन फीजिबल रिपोर्ट दी है। अब ये मामला सीएम दरबार में गूंजेगा।
नीतू के ताऊ रणबीर प्रधान का दावा है कि बेटी के नाम से हर हाल में खेल स्टेडियम बनवाएंगे। वहीं गांव धनाना द्वितीय की पंचायत भी समर्थन में उतरी है। दरअसल, ग्राम पंचायत की नौ एकड़ खाली भूमि को अधिकारियों ने लो लाइन एरिया में बता इसे खारिज कर दिया है।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने भिवानी प्रवास के दौरान गांव धनाना में विश्व मुक्केबाजी में चैंपियन बेटी नीतू घनघस के घर पहुंचकर खेल स्टेडियम की घोषणा की थी। सीएम घोषणा के बाद पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने धनाना द्वितीय की पंचायत द्वारा सुझाई गई धनाना से बड़ेसरा मार्ग पर करीब नौ एकड़ भूमि का भी मुआयना किया। इसमें स्टेडियम के लिए छह एकड़ भूमि की जरूरत होगी। ये भूमि मुख्य सड़क से करीब दो से ढाई फूट नीची है।
सरकार की पॉलिसी के अनुसार कोई भी विकास परियोजना लो लाइन एरिया में नहीं होगी। हालांकि पंचायती राज विभाग के अधिकारी लो लाइन की इस भूमि को सड़क के समतल किए जाने का मामला ग्राम पंचायत पर ही थोप रहे हैं। जबकि गांव पंचायत भी सड़क से नीची इस जगह में मिट्टी का भरत कराने को तैयार है। ग्राम पंचायत ये काम ग्रामीणों के सहयोग व पंचायत के बजट दोनों से ही हर संभव प्रयास से कराने का भरोसा भी दिला रही है।
बड़ेसरा मार्ग पर पंचायत की करीब नौ एकड़ भूमि है। इस भूमि पर खेल स्टेडियम निर्माण के लिए पंचायती राज विभाग लिखित में देता है तो पंचायत अपने स्तर पर इस भूमि में मिट्टी भरत कराकर सड़क के समतल करा देगी। पंचायत को यह भी आशंका है कि अगर भूमि का लाखों का बजट खर्च कर भरत भी करा दें और बाद में अधिकारी इस मसौदे को नकार दें, तो बड़ी मुश्किल होगी।
-वेदपाल, सरपंच, गांव धनाना द्वितीय।
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने नीतू को उसके घर पर आशीर्वाद देने के बाद खुद गांव में उसके नाम से खेल स्टेडियम की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री को इस संबंध में लिखित मांग पत्र भी सौंपा गया था। अब अधिकारियों ने इसे लो लाइन एरिया बताकर स्टेडियम निर्माण को नकारा है तो मामला फिर से सीएम दरबार लेकर जाएंगे। बेटी के नाम से हर हाल में गांव में खेल स्टेडियम बनवाएंगे।
-रणबीर, प्रधान, नीतू घनघस का ताऊ।
मैंने खुद गांव में खेल स्टेडियम की संभावित जगह को देखा है। फिलहाल ये जगह लो लाइन एरिया में है। जिस पर सरकार की पॉलिसी के अनुसार खेल स्टेडियम बना पाना संभव नहीं है। ग्राम पंचायत ने आश्वासन दिया था कि भूमि को सड़क के समतल करा देगी। अगर ऐसा होता है तो फिर इस मामले पर विचार किया जा सकता है।
-संभव जैन, कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज विभाग भिवानी।