बवानीखेड़ा । गांव पुर में राखी पर्व पर घर आए फतेहाबाद पुलिस में तैनात 30 वर्षीय सिपाही पर उसके पिता अमीर सिंह ने लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर कर दिया। फायरिंग में सिपाही बाल-बाल बच गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव पुर निवासी संदीप ने बताया कि वह तीन भाई-बहन हैं और उनके पिता सेवानिवृत्त फौजी हैं। उनके पिता के पास लाइसेंसी रिवाल्वर है।
संदीप हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर फतेहाबाद पुलिस लाइन में तैनात है। राखी के त्योहार पर वह घर आया हुआ था। संदीप के अनुसार, अगले दिन शनिवार सुबह किसी बात को लेकर उसकी अपने पिता से कहासुनी हो गई।
इसी दौरान पिता ने उस पर लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर कर दिया। इसमें वह बाल-बाल बच गया। बीच-बचाव करते हुए बड़े भाई सतीश, मां और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसके पिता से रिवाल्वर छीन लिया।
शिकायत में संदीप ने बताया कि उसके पिता ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। जांच अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले में जांच जारी है।