बवानीखेड़ा में वाल्मीकि बस्ती का निरीक्षण करते विधायक कपूर वाल्मीकि।
बवानीखेड़ा। विधायक कपूर वाल्मिकी ने कस्बे के वार्ड नंबर 2 में मौके पर जाकर लोगों की समस्या का जायजा लेकर तुरंत समाधान किया। कस्बे के जमालपुर मार्ग के पास वाल्मीकि बस्ती में बंद पड़े नाले से फैल रही गंदगी की खबर विधायक तक पहुंची।
उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्वयं के खर्च पर जेसीबी बुलाकर बंद नाले को खुलवाया। वार्ड नंबर 2 में वाल्मीकि मंदिर के पास नालियों व गलियों में पानी रूका हुआ था। पानी की निकासी के स्थान पर विभाग के जेई द्वारा मिट्टी डलवाकर बंद करवाने की सूचना विधायक कपूर वाल्मीकि तक पहुंची और वे स्वयं मौके पर पहुंचे और वाल्मीकि मंदिर में शीश नवाकर वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं। गंदगी को देखकर वे स्वयं हैरान रह गए और स्वयं के खर्च पर जेसीबी बुलवाकर नाले नालियों को खुलवाया तब जाकर पानी की निकासी हो पाई।
कस्बावासियों ने बताया कि यदि विधायक हर वार्ड का मुआयना करते तो सभी वार्डों का सुधार हो सकता है। इस बारे में कपूर वाल्मीकि ने बताया कि कस्बा की किसी भी समस्या को सहन नहीं किया जाएगा। सभी विभाग अपने अपने काम को संभाले अन्यथा वे स्वयं लापरवाह कर्मचारियों व अधिकारियों की रिपोर्ट बनाकर मुख्यमंत्री को देंगे।